महिला प्रीमियर लीग 2026 का फाइनल सिर्फ ट्रॉफी की जंग नहीं था, बल्कि करोड़ों रुपये की कमाई का भी बड़ा मंच साबित हुआ। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को हराकर दूसरी बार WPL का खिताब अपने नाम किया और चैंपियन बनते ही RCB पर पैसों की जबरदस्त बारिश हुई।
फाइनल जीतने वाली RCB को 6 करोड़ रुपये की प्राइज मनी मिली है। वहीं खिताबी मुकाबले में हार झेलने के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स भी खाली हाथ नहीं लौटी। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए दिल्ली को 3 करोड़ रुपये का इनाम दिया गया। खास बात यह है कि WPL के पहले सीजन से लेकर अब तक प्राइज मनी की राशि में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

अब तक WPL इतिहास पर नजर डालें तो मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु दोनों ही दो-दो बार खिताब जीत चुकी हैं। मुंबई इंडियंस पहले ही दो बार 6-6 करोड़ रुपये की इनामी राशि हासिल कर चुकी है, जबकि RCB ने 2024 के बाद एक बार फिर 2026 में चैंपियन बनकर 6 करोड़ रुपये अपने नाम किए।
टीमों के अलावा व्यक्तिगत पुरस्कारों में भी खिलाड़ियों पर जमकर इनाम बरसा। टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने ऑरेंज कैप अपने नाम की और उन्हें 5 लाख रुपये का पुरस्कार मिला। सबसे ज्यादा विकेट लेने पर पर्पल कैप सोफी डिवाइन को मिली। वहीं सबसे ज्यादा छक्के लगाने के लिए हरमनप्रीत कौर को 5 लाख रुपये का इनाम दिया गया। सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन का खिताब ग्रेस हैरिस ने जीता।

कुल मिलाकर WPL 2026 ने यह साफ कर दिया कि महिला क्रिकेट अब सिर्फ खेल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सम्मान, लोकप्रियता और करोड़ों रुपये की कमाई का मजबूत मंच बन चुका है। जीतने वाली टीम हो या हारने वाली WPL में उतरने वाली टीमें और खिलाड़ी, दोनों के लिए यह टूर्नामेंट फायदे का सौदा साबित हुआ।