T20 वर्ल्ड कप 2026 में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। वर्ल्ड नंबर-2 मानी जाने वाली ऑस्ट्रेलिया राष्ट्रीय क्रिकेट टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई है। ग्रुप-B में जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच खेला जाने वाला मुकाबला बारिश के कारण रद्द होने के बाद अंक तालिका की तस्वीर साफ हो गई।
बारिश की वजह से दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला, जिसके साथ जिम्बाब्वे ने टॉप-2 में अपनी जगह पक्की कर ली और सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर लिया। सह-मेजबान श्रीलंका राष्ट्रीय क्रिकेट टीम पहले ही अपने शुरुआती तीन मुकाबले जीतकर छह अंकों के साथ अगले दौर में पहुंच चुकी है।

ऐसे में ऑस्ट्रेलिया का आखिरी ग्रुप मैच ओमान के खिलाफ अब महज औपचारिकता बन गया है। ऑस्ट्रेलिया तीन मैचों में सिर्फ दो अंक ही जुटा सकी है और वह अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। भले ही वह अपने अंतिम मुकाबले में बड़ी जीत दर्ज कर ले, लेकिन श्रीलंका और जिम्बाब्वे को टॉप-2 से हटाना संभव नहीं होगा।
ऑस्ट्रेलिया ने टूर्नामेंट की शुरुआत आयरलैंड पर 67 रन की जीत से की थी, लेकिन इसके बाद जिम्बाब्वे से 23 रन की चौंकाने वाली हार ने उसकी राह मुश्किल कर दी। श्रीलंका के खिलाफ मैच में भी अच्छी शुरुआत के बावजूद उसे आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा, जिसने एलिमिनेशन का खतरा और गहरा कर दिया।

T20 वर्ल्ड कप के 10 संस्करणों में यह सिर्फ दूसरी बार है जब ऑस्ट्रेलिया ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाई है। इससे पहले 2009 में भी टीम शुरुआती दौर में ही बाहर हो गई थी। पिछले संस्करण 2024 में सुपर-8 तक पहुंचने वाली ऑस्ट्रेलिया की टीम 2026 में उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी और उसका सफर ग्रुप स्टेज में ही थम गया।