Home देशBMC Election 2026: मुंबई में वोटिंग को लेकर सुस्ती, 3:30 बजे तक सिर्फ 41% मतदान

BMC Election 2026: मुंबई में वोटिंग को लेकर सुस्ती, 3:30 बजे तक सिर्फ 41% मतदान

by ashishppandya90@gmail.com
0 comments

चार साल के लंबे इंतज़ार के बाद आखिरकार गुरुवार को मुंबईकर अपने नगरसेवक चुनने के लिए मतदान कर रहे हैं, लेकिन वोटिंग के शुरुआती रुझान उम्मीद से कम उत्साह दिखा रहे हैं। बृहन्मुंबई महानगरपालिका यानी बीएमसी चुनाव 2026 में दोपहर 3:30 बजे तक केवल 41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

बीएमसी की कुल 227 सीटों के लिए इस बार 1700 उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव में लगभग 1.03 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। गौरतलब है कि बीएमसी के पिछले चुनाव साल 2017 में हुए थे और मौजूदा सदन का कार्यकाल 7 मार्च 2022 को समाप्त हो चुका था।

मुंबई के साथ-साथ आज मुंबई महानगर क्षेत्र की कई अहम महानगरपालिकाओं में भी मतदान जारी है। इनमें ठाणे, कल्याण-डोंबिवली, वसई-विरार, पनवेल, नवी मुंबई, उल्हासनगर, भिवंडी और मीरा-भाईंदर शामिल हैं। सभी महानगरपालिकाओं में मतदान सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक हो रहा है।

राजनीतिक लिहाज से यह चुनाव बेहद अहम माना जा रहा है। जहां मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार की साख दांव पर लगी हुई है, वहीं उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के नेतृत्व में ठाकरे बंधुओं का गठबंधन बीएमसी की सत्ता में वापसी की कोशिश कर रहा है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं। मुंबई में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए करीब 28 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं 227 सीटों पर चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए 64 हजार 375 कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी पर लगाया गया है।

मुंबई सहित महाराष्ट्र की कुल 29 महानगरपालिकाओं में 2,869 सीटों के लिए मतदान हो रहा है। इन चुनावों में कुल 3.48 करोड़ मतदाता शामिल हैं, जिनमें 1.81 करोड़ पुरुष, 1.66 करोड़ महिला और 4,596 अन्य मतदाता हैं।

सभी नगर निकाय चुनावों के नतीजे 16 जनवरी को घोषित किए जाएंगे। अब देखना होगा कि कम मतदान प्रतिशत के बावजूद जनता का फैसला किसके पक्ष में जाता है और किसे सत्ता की चाबी मिलती है।

You may also like

Leave a Comment