Home देशBMC हार के बाद संजय राउत का तीखा हमला, बोले ‘जयचंद पैदा कर चुनाव जीतती है बीजेपी’

BMC हार के बाद संजय राउत का तीखा हमला, बोले ‘जयचंद पैदा कर चुनाव जीतती है बीजेपी’

by ashishppandya90@gmail.com
0 comments

महाराष्ट्र निकाय चुनाव में मुंबई महानगरपालिका यानी बीएमसी पर नियंत्रण खोने के बाद उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत ने भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार हमला बोला है। मीडिया से बातचीत में संजय राउत ने कहा कि देवेंद्र फड़नवीस राज्य के मुख्यमंत्री हैं और मुख्यमंत्री होने के नाते उनके पास सत्ता और संसाधनों की पूरी ताकत है। लेकिन इसे यह मान लेना कि मुंबई में बीजेपी ने बड़ी जीत हासिल कर ली है, बिल्कुल गलत है।

संजय राउत ने दावा किया कि बीएमसी के सदन में विपक्ष की ताकत सत्ताधारी दल के बराबर है और आने वाले समय में बीजेपी के लिए प्रशासन चलाना आसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि मुंबई बिकाऊ नहीं है और कोई भी सत्ता के दम पर इसका सौदा नहीं कर सकता।

बीजेपी पर सीधा आरोप लगाते हुए संजय राउत ने कहा कि हर राज्य और हर शहर में बीजेपी चुनाव जीतने के लिए पार्टियां तोड़ती है और ‘जयचंद’ पैदा करती है। उन्होंने कहा कि इसी रणनीति के जरिए बीजेपी सत्ता हासिल करती है, लेकिन उनकी असली हैसियत शून्य के बराबर है।

इसके साथ ही संजय राउत ने बिना नाम लिए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सत्ता में रहने तक लोग सलाम करते हैं, लेकिन सत्ता से बाहर होते ही वही लोग विरोध में खड़े हो जाते हैं।

वहीं बीएमसी चुनाव नतीजों पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। राज ठाकरे ने सोशल मीडिया पर लंबी पोस्ट लिखते हुए शिवसेना और मनसे के सभी चुने गए कॉर्पोरेटर्स को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह चुनाव पैसे और पावर के खिलाफ लड़ा गया संघर्ष था, जिसमें दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने मजबूती से मुकाबला किया। राज ठाकरे ने यह भी कहा कि भले ही मनसे को अपेक्षित सफलता नहीं मिली, लेकिन पार्टी निराश नहीं है और चुने गए प्रतिनिधि मराठी हितों की मजबूती से रक्षा करेंगे।

You may also like

Leave a Comment