Home देशBMC चुनाव: मुंबई में वोटिंग का समय घटा, 7:30 से 5:30 बजे तक ही होगा मतदान

BMC चुनाव: मुंबई में वोटिंग का समय घटा, 7:30 से 5:30 बजे तक ही होगा मतदान

by ashishppandya90@gmail.com
0 comments

मुंबई नगर निगम चुनाव को लेकर वोटर्स के लिए अहम जानकारी सामने आई है। 15 जनवरी को होने वाले बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव में इस बार मतदान के समय में बदलाव किया गया है। चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार, मुंबई में वोटिंग सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगी। यानी पिछले विधानसभा चुनावों की तुलना में इस बार मतदान का समय एक घंटा कम रहेगा।

मुंबई में इस चुनाव के जरिए 1 करोड़ 3 लाख 44 हजार 315 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 55 लाख 16 हजार 707 पुरुष, 48 लाख 26 हजार 509 महिला और 1,099 अन्य मतदाता शामिल हैं। इतने बड़े वोटर बेस और सीमित समय के कारण कई पोलिंग स्टेशनों पर खासतौर पर दोपहर के बाद भीड़ बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

चुनाव की तैयारियों को लेकर मुंबई नगर निगम ने बताया कि शहरभर में 2,278 स्थानों पर कुल 10,231 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। सभी पोलिंग स्टेशनों पर राज्य चुनाव आयोग की गाइडलाइंस के मुताबिक मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। इसमें पीने का पानी, साफ-सफाई, दिव्यांग और सीनियर सिटिज़न्स के लिए रैंप और सहायता व्यवस्था शामिल है।

महिला मतदाताओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हर वार्ड में कम से कम एक पिंक या सखी पोलिंग स्टेशन बनाया जाएगा, जहां चुनावी प्रक्रिया पूरी तरह महिला स्टाफ द्वारा संचालित होगी। इसके साथ ही गुलाबी थीम पर आधारित मॉडल पोलिंग स्टेशन भी तैयार किए जा रहे हैं।

इस चुनाव में एक बड़ी चुनौती डुप्लीकेट वोटर्स को लेकर भी है। मुंबई में करीब 1 लाख 68 हजार डुप्लीकेट मतदाता चिन्हित किए गए हैं। इनमें से अब तक 48,628 वोटर्स ने दो जगह मतदान न करने की अंडरटेकिंग दी है। शेष डुप्लीकेट वोटर्स के लिए पोलिंग स्टेशनों पर सख्त जांच की जाएगी और पहचान के दो दस्तावेजों के आधार पर ही मतदान की अनुमति दी जाएगी।

वोटर्स की सुविधा के लिए वोटर इन्फॉर्मेशन स्लिप बांटने की प्रक्रिया भी तेज़ी से चल रही है। इसमें मतदाता का नाम, पता, पोलिंग स्टेशन, सेक्शन और रूम नंबर जैसी जानकारी दी जा रही है, ताकि मतदान के दिन किसी तरह की असुविधा न हो।

चुनाव अधिकारियों ने मुंबई के मतदाताओं से अपील की है कि वे समय से पहले अपने नजदीकी पोलिंग स्टेशन पहुंचें और अपने मताधिकार का उपयोग जरूर करें, क्योंकि इस बार वोटिंग का समय कम है और भीड़ ज्यादा होने की संभावना है।

You may also like

Leave a Comment