महाराष्ट्र नगर निकाय चुनावों के नतीजों के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। बीएमसी समेत 29 महानगरपालिकाओं में हुए चुनावों में महायुति ने अधिकांश सीटों पर कब्जा जमाया है, जबकि बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। वहीं, बीएमसी में उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना कड़ी टक्कर देती नजर आ रही है। हालांकि, बीएमसी के फाइनल नतीजे अभी घोषित नहीं हुए हैं और कुछ वार्डों में मतगणना जारी है।
इन चुनावी नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए महाराष्ट्र के डिप्टी मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने AIMIM पर तीखा हमला बोला है। शिंदे ने कहा कि राज्य की 29 महानगरपालिकाओं में AIMIM के 125 से अधिक उम्मीदवारों का जीतकर आना देश के लिए खतरे की घंटी हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस पर गंभीरता से चिंतन करने की जरूरत है।

डिप्टी सीएम शिंदे ने मुंबईवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने विकास के मुद्दे को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि महायुति ने चुनाव विकास के एजेंडे पर लड़ा, जबकि विरोधी दल भावनात्मक मुद्दों को लेकर जनता के बीच गए। शिंदे के मुताबिक, साढ़े तीन साल में सरकार द्वारा किए गए कामों का ही यह नतीजा है।
एकनाथ शिंदे ने आगे कहा कि डेवलपमेंट ही उनका ब्रांड है। उन्होंने कहा कि बालासाहेब ठाकरे एक अलग कद के नेता थे और उनके जैसा व्यक्तित्व बार-बार पैदा नहीं होता। जनता ने इस चुनाव में भावनाओं से ऊपर उठकर विकास को ही प्राथमिकता दी है।

दूसरी ओर, नगर निकाय चुनावों में उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना ने भी कई जगहों पर अच्छा प्रदर्शन किया है। चुनावी नतीजों के बाद उद्धव ठाकरे ने पार्टी के सभी नवनिर्वाचित उम्मीदवारों को मातोश्री आने का न्योता दिया है। कल सुबह 11 बजे सभी विजयी उम्मीदवार मातोश्री पहुंचेंगे, जहां पार्टी प्रमुख उन्हें बधाई देंगे और जीत का जश्न मनाया जाएगा।
बीएमसी चुनावों में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है और कई महानगरपालिकाओं में सीटें हासिल की हैं। चुनावी नतीजों के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप और बयानबाजी का दौर तेज हो गया है।