बेंगलुरु: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) फर्म एंथ्रोपिक ने भारत के बेंगलुरु शहर में अपना पहला ऑफिस खोला है। कंपनी का यह भारत में पहला और एशिया-पैसिफिक में दूसरा ऑफिस है। एंथ्रोपिक के AI असिस्टेंट Claude का भारत में इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है और भारत इस मॉडल का दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा बाजार बन चुका है।

कंपनी ने इस अवसर पर घोषणा की कि वह भारत में उद्यम, शिक्षा और कृषि क्षेत्रों में साझेदारी करेगी। एंथ्रोपिक इंडिया की मैनेजिंग डायरेक्टर इरीना घोष का कहना है कि भारत में टेक्नोलॉजी और AI के लिए बेहतरीन अवसर हैं, जिससे AI के फायदे अधिक लोगों और व्यवसायों तक पहुंच सकेंगे।
कंपनी ने यह भी बताया कि भारत में Claude का करीब आधा इस्तेमाल कंप्यूटर और मैथमेटिकल कामों में होता है, जैसे एप्लिकेशन बनाना, सिस्टम मॉडर्नाइज़ेशन और प्रोडक्शन सॉफ्टवेयर तैयार करना। भारत के लिए मॉडल को और बेहतर बनाने के लिए कंपनी ने हिंदी, बांग्ला, मराठी, तेलुगु, तमिल, पंजाबी, गुजराती, कन्नड़, मलयालम और उर्दू समेत 10 भारतीय भाषाओं में ट्रेनिंग डेटा को अपडेट करने की पहल की है।

तोक्यो के बाद भारत में अपना दूसरा ऑफिस खोलकर एंथ्रोपिक ये संदेश दे रही है कि भारत AI में तेजी से बढ़ रहा है और यह कंपनियों के लिए बड़ा ग्रोथ मार्केट बन चुका है।