भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका के महापौर चुनाव में पार्टी व्हिप के खिलाफ जाने वाले नेताओं पर भारतीय जनता पार्टी ने सख्त रुख अपनाया है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष Ravindra Chavan ने शुक्रवार को मुंबई स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा की कि नारायण चौधरी और उनके समर्थन में बगावत करने वाले सभी पार्षदों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

यह प्रेस कॉन्फ्रेंस राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन के बाद आयोजित की गई, जिसमें बीजेपी के मीडिया विभाग प्रमुख नवनाथ बन भी उपस्थित थे।रविंद्र चव्हाण ने बताया कि भिवंडी की स्थानीय समिति ने बहुमत से नारायण चौधरी का नाम महापौर पद के लिए प्रस्तावित किया था और उसी आधार पर उन्हें नामांकन दाखिल करने को कहा गया था। लेकिन बाद में स्थानीय स्तर पर उत्पन्न विवादों और पार्टी हित को ध्यान में रखते हुए राज्य नेतृत्व ने व्यापक चर्चा के बाद स्नेहा पाटिल को आधिकारिक महापौर प्रत्याशी घोषित करने का निर्णय लिया।

चव्हाण ने स्पष्ट किया कि नारायण चौधरी और कोणार्क विकास आघाड़ी के विलास पाटिल के बीच स्थानीय मतभेदों को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने विवाद टालने और संगठन की एकता बनाए रखने के लिए उम्मीदवार बदलने का फैसला किया। इसके बावजूद अंतिम समय तक चौधरी और उनके समर्थक पार्षदों को मनाने की कोशिश की गई, लेकिन ये प्रयास सफल नहीं हो सके।उन्होंने दो टूक कहा कि पार्टी अनुशासन सर्वोपरि है और व्हिप के खिलाफ जाकर बगावत करने वाले सभी पार्षदों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बीजेपी नेतृत्व ने संकेत दिया है कि संगठन में अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।