
आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जिम्बाब्वे की टीम लगातार शानदार प्रदर्शन से सुर्खियों में बनी हुई है। टूर्नामेंट के 38वें मुकाबले में जिम्बाब्वे ने श्रीलंका को 6 विकेट से हराकर ग्रुप स्टेज में अपनी तीसरी जीत दर्ज की और अजेय अभियान को बरकरार रखा।मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत मजबूत रही। पाथुम निसांका ने एक बार फिर जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए 62 रन बनाए।
कुसल परेरा और कुसल मेंडिस ने भी शुरुआत में योगदान दिया। मध्यक्रम में पवन रत्नायके ने 25 गेंदों में 44 रन की तेज पारी खेलकर स्कोर को गति दी, जबकि अंतिम ओवरों में दुनिथ वेलालगे ने 8 गेंदों में 15 रन जोड़कर टीम को 20 ओवर में 7 विकेट पर 178 रन तक पहुंचाया।179 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी की। कप्तान Sikandar Raza ने 26 गेंदों में 45 रन बनाकर मैच का रुख अपनी टीम की ओर मोड़ दिया।

ब्रायन बेनेट अंत तक नाबाद रहे और समझदारी भरी पारी खेली। रयान बर्ल और मारुमानी ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। जिम्बाब्वे ने 19.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।यह जिम्बाब्वे की ग्रुप स्टेज में लगातार तीसरी जीत है। इससे पहले टीम ओमान और ऑस्ट्रेलिया को मात दे चुकी है, जबकि आयरलैंड के खिलाफ मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था।इस जीत के साथ जिम्बाब्वे ने सुपर-8 में जगह पक्की कर ली है। अब उसका मुकाबला वेस्टइंडीज, भारत और साउथ अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों से होगा। मौजूदा फॉर्म को देखते हुए जिम्बाब्वे की टीम इस टूर्नामेंट में और बड़े उलटफेर करने की क्षमता रखती है।