मुंबई:भिवंडी महानगरपालिका की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने दावा किया है कि कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) और भाजपा से अलग हुए नगरसेवकों के समर्थन से भिवंडी में सेक्युलर फ्रंट का महापौर और उपमहापौर बनाया जाएगा।
भिवंडी महानगरपालिका चुनाव कांग्रेस ने अकेले दम पर लड़ा था, जिसमें पार्टी के 30 नगरसेवक निर्वाचित हुए। इसके साथ ही राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार) के 12 नगरसेवकों का समर्थन मिला, लेकिन बहुमत के लिए चार और नगरसेवकों की जरूरत थी। कांग्रेस ने भाजपा और शिंदे गुट की शिवसेना के साथ न जाने का स्पष्ट राजनीतिक फैसला लिया और इस विचारधारा से समझौता नहीं किया।
टिळक भवन में सांसद सुरेश म्हात्रे उर्फ बाल्या मामा के साथ मीडिया से बातचीत करते हुए हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि भाजपा के कुछ नगरसेवक पार्टी और उसकी विचारधारा छोड़कर सेक्युलर फ्रंट में शामिल हुए हैं। इनमें नारायण चौधरी भी शामिल हैं, जो पहले कांग्रेस में रह चुके हैं और अब अपने सहयोगियों के साथ स्वतंत्र गुट बनाकर कांग्रेस-प्रणीत आघाड़ी में शामिल हुए हैं।

हर्षवर्धन सपकाल ने बताया कि पिछले 24 दिनों से समान विचारधारा वाले दलों के साथ चर्चा चल रही थी। अब राजनीतिक गतिरोध टूट चुका है और महापौर, उपमहापौर तथा स्थायी समिति के गठन के लिए जल्द ही पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाएंगे। ये पर्यवेक्षक सभी घटक दलों से चर्चा कर अंतिम निर्णय लेंगे। कांग्रेस की स्पष्ट भूमिका है कि भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से दूर रखा जाए, और इसी उद्देश्य से भिवंडी में सेक्युलर फ्रंट के माध्यम से सत्ता गठन किया जाएगा।
इस अवसर पर भिवंडी से राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार) के सांसद बाल्या मामा म्हात्रे ने कहा कि पिछले 24 दिनों से कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस सेक्युलर फ्रंट के गठन के लिए प्रयासरत थे। समाजवादी पार्टी से भी बातचीत हुई थी, लेकिन उसके शिंदे गुट के साथ जाने के फैसले के बाद अब भाजपा से अलग हुए नगरसेवकों के समर्थन से सत्ता गठन का रास्ता साफ हो गया है।
इससे पहले शिवजयंती के अवसर पर छत्रपती शिवाजी महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने दादर स्थित शिवाजी पार्क में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित कर अभिवादन किया। साथ ही टिळक भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में भी शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।