मुंबई:महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने बीजेपी पर उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उनके एक शब्द का संदर्भ काटकर सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार चलाया गया और ऐसा माहौल बनाया गया मानो उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज की तुलना की हो।
सपकाल ने स्पष्ट किया कि छत्रपति शिवाजी महाराज उनके आदर्श, प्रेरणास्रोत और स्वाभिमान हैं। उनकी तुलना का प्रश्न ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि बीजेपी और उसके समर्थकों द्वारा चलाए गए अपप्रचार से यदि किसी शिवप्रेमी की भावना आहत हुई है तो वे इसके लिए मन से खेद व्यक्त करते हैं। उनका किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था और वे चाहते हैं कि यह विवाद अब यहीं समाप्त हो।

मुंबई के तिलक भवन में आयोजित कांग्रेस प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों की संयुक्त बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में सपकाल ने कहा कि बीजेपी ने इस मुद्दे पर निम्नस्तरीय राजनीति की है। उन्हें धमकियां दी जा रही हैं, लेकिन वे ऐसी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि बीजेपी की पोलखोल जारी रहेगी और जरूरत पड़ी तो वे आक्रामक रुख अपनाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने भी केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को लेकर दबाव में हैं। किसानों की आत्महत्या, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था जैसे ज्वलंत मुद्दों पर सरकार जवाब देने में असफल रही है।

पृथ्वीराज चव्हाण ने मुंबई की लोकल ट्रेनों में रोजाना होने वाली दुर्घटनाओं और यात्रियों की मौत का मुद्दा उठाते हुए कहा कि लाखों यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में प्रतिदिन कई किसान आत्महत्या कर रहे हैं और इन मुद्दों पर विपक्ष को सड़क पर उतरकर संघर्ष करना चाहिए।
बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में हर्षवर्धन सपकाल के एक वर्ष पूर्ण होने पर उनका सम्मान भी किया गया। कांग्रेस ने आने वाले वर्ष को संगठन सशक्तिकरण का वर्ष घोषित करते हुए गांव, मंडल और वार्ड स्तर तक संगठन विस्तार का संकल्प लिया है।