उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 18 टायरों वाले डंभर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन धू-धू कर जलने लगा और आसमान में धुएं का घना गुबार दिखाई देने लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चलते वाहन से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की ऊंची लपटें दूर से ही नजर आ रही थीं। घटना के चलते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक डायवर्ट करना शुरू किया। वहीं दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर भेजी गईं, जिन्होंने आग पर काबू पाने के लिए राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है, हालांकि प्रशासन पूरे मामले की गहन जांच कर रहा है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, लेकिन प्रशासन की तत्परता से स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में लाई जा रही है।