मुंबई, 16 फरवरी: दक्षिण मुंबई के यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन, ग्रांट रोड रेलवे स्टेशन और चर्नी रोड रेलवे स्टेशन पर जल्द ही एस्केलेटर लगाए जाएंगे और स्टेशनों का व्यापक सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही स्टेशन परिसरों और आसपास की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने की भी कार्रवाई की जाएगी।

राज्य के कैबिनेट मंत्री मंगलप्रभात लोढा ने स्थानीय नागरिकों के साथ चर्चगेट स्थित पश्चिम रेलवे मुख्यालय में मुख्य प्रबंधक विजय कुमार से मुलाकात कर इन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के बाद मुख्य प्रबंधक ने आश्वासन दिया कि स्थानीय लोगों की शिकायतों के आधार पर संबंधित विभागों को रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दे दिए गए हैं और शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री लोढा ने बैठक में कहा कि दक्षिण मुंबई के इन महत्वपूर्ण स्टेशनों के आसपास बड़े पैमाने पर अतिक्रमण और अवैध फेरीवालों की समस्या बढ़ती जा रही है, जिससे यात्रियों और पैदल चलने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने स्टेशन परिसर को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की। साथ ही सड़कों पर नशे के आदी लोगों की आवाजाही पर भी चिंता जताते हुए कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता बताई।

इसके अलावा चर्नी रोड स्टेशन को गिरगांव से जोड़ने वाला प्रस्तावित पुल लंबे समय से लंबित है। मंत्री लोढा ने इस परियोजना को भी प्राथमिकता देने की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि स्टेशनों पर एस्केलेटर लगाए जाने से बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
मुख्य प्रबंधक विजय कुमार ने स्वीकार किया कि स्टेशनों के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव लंबित है, लेकिन अब इसे प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्टेशन परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में कौशिकजी शाह सहित स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे। दक्षिण मुंबई के हजारों दैनिक यात्रियों को अब उम्मीद है कि जल्द ही इन स्टेशनों की तस्वीर बदली हुई नजर आएगी।