महाराष्ट्र के डोंबिवली में सोमवार सुबह एक रिहायशी इमारत के बेसमेंट में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। डोंबिवली पूर्व के सागाव इलाके में स्थित राज अपार्टमेंट और रविकिरण सोसायटी की जुड़ी इमारतों के बेसमेंट पार्किंग में यह हादसा हुआ, जहां खड़ी एक मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक से उठी चिंगारी कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले बैठी और आग तेजी से पास में खड़ी अन्य गाड़ियों तक फैल गई। इस घटना में कुल 29 दोपहिया वाहन और कुछ साइकिलें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। आग की लपटों के साथ घना धुआं सीढ़ियों के रास्ते ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गया, जिससे इमारत में रहने वाले लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी।
अफरा-तफरी के माहौल में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग अपने-अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे। आग बुझाने की कोशिश के दौरान पांच निवासी हल्के रूप से झुलस गए और धुएं से प्रभावित हुए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस और अग्निशमन विभाग द्वारा विस्तृत जांच और पंचनामा किया जा रहा है।
इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। फिलहाल प्रशासन ने इमारत की सुरक्षा व्यवस्था और बेसमेंट में विद्युत प्रणाली की जांच शुरू कर दी है।