मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने स्पष्ट कहा कि भारत किसी भी मुक्त व्यापार करार में अपने राष्ट्रीय हितों से कोई समझौता नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए देश मजबूती और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।

गोयल ने बताया कि प्रधानमंत्री की पहल पर दुनिया के 38 देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों की प्रक्रिया आगे बढ़ी है, जिससे वैश्विक व्यापार का करीब 70 प्रतिशत हिस्सा भारत के लिए खुला है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन समझौतों से देश को सर्वाधिक लाभ मिलेगा और किसानों, डेयरी क्षेत्र तथा जीएम फूड जैसे संवेदनशील क्षेत्रों के हितों की पूरी तरह रक्षा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को अब कोई भी शक्ति रोक नहीं सकती। केंद्रीय बजट का उल्लेख करते हुए गोयल ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश बजट में प्रधानमंत्री के कर्तव्य और विकास के संकल्प की स्पष्ट झलक दिखाई देती है।

गोयल ने कहा कि इन व्यापार समझौतों के जरिए भारतीय उत्पादों को नई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अभूतपूर्व अवसर मिलेंगे। इससे निर्यात, निवेश और रोजगार में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में यह एक बड़ा कदम है।
महाराष्ट्र को बजट से होने वाले लाभ का उल्लेख करते हुए गोयल ने कहा कि राज्य को रेलवे परियोजनाओं के लिए 24 हजार करोड़ रुपये की बड़ी राशि दी गई है। पुणे और नागपुर को ग्रोथ हब के रूप में विकसित करने के लिए अगले पांच वर्षों में प्रत्येक शहर के लिए 5 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। मुंबई-पुणे और पुणे-हैदराबाद हाईस्पीड रेल कॉरिडोर की योजना भी तैयार की जा रही है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल, नए बंदरगाह और तीसरे एयरपोर्ट जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स से महाराष्ट्र और मुंबई को व्यापक लाभ मिलेगा।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए गोयल ने कहा कि पार्टी के पास कोई ठोस योजना नहीं है और वह केवल भ्रम फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता कांग्रेस के दुष्प्रचार को नकार चुकी है और देश विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।