मुंबई:मुंबई महानगर क्षेत्र यानी एमएमआर में यात्रियों को बेहतर और सुगम सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने बड़ी पहल की है। उपमुख्यमंत्री Eknath Shinde ने एमएमआर क्षेत्र की सभी महापालिकाओं को ‘पॉड टैक्सी’ सेवा शुरू करने के लिए विस्तृत आराखड़ा (मास्टर प्लान) तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
नंदनवन में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रियों को घर से लेकर सीधे कार्यस्थल तक पहुंचाने के लिए सक्षम और एकीकृत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था आवश्यक है। उन्होंने ‘लास्ट माइल कनेक्टिविटी’ को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

बैठक में अपर मुख्य सचिव असीम गुप्ता, प्रधान सचिव नवीन सोना, ठाणे महापालिका आयुक्त सौरभ राव, Mumbai Metropolitan Region Development Authority के अतिरिक्त आयुक्त अश्विन मुदगल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अभी यात्रियों को घर से रेलवे या मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने और वहां से अंतिम गंतव्य तक जाने के लिए ऑटो या बस पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे यातायात जाम और भीड़ की समस्या बढ़ती है। पॉड टैक्सी सेवा इस समस्या का प्रभावी समाधान बन सकती है। इससे मेट्रो के उपयोग में वृद्धि होगी और सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव कम होगा।
सरकार ने इस परियोजना के क्रियान्वयन के लिए एमएमआरडीए की सहायता लेने के निर्देश भी दिए हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महापालिकाएं अपने विकास आराखड़े में ‘लास्ट माइल कनेक्टिविटी’ को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। इस सेवा से यात्रियों का समय बचेगा, ईंधन की बचत होगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

अब देखना होगा कि एमएमआर क्षेत्र में पॉड टैक्सी सेवा को लागू करने की प्रक्रिया कितनी तेजी से आगे बढ़ती है और यह मुंबईकरों की दैनिक यात्रा को कितना आसान बना पाती है।