Home वेब स्टोरीजभाषा के नाम पर गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं: संजय निरुपम की चेतावनी, ‘फिजिक्स वाला’ हमले में MCOCA लगाने की मांग

भाषा के नाम पर गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं: संजय निरुपम की चेतावनी, ‘फिजिक्स वाला’ हमले में MCOCA लगाने की मांग

by ashishppandya90@gmail.com
0 comments

मुंबई में आयोजित प्रेस वार्ता में शिवसेना के उपनेता और प्रवक्ता संजय निरुपम ने भाषा और जाति की राजनीति को लेकर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि भाषा के नाम पर आतंक फैलाने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

निरुपम ने नासिक स्थित कोचिंग संस्थान फिजिक्स वाला में मराठी भाषा को लेकर एक कर्मचारी के साथ कथित मारपीट की घटना की निंदा की। इस मामले में उन्होंने मनसे प्रमुख राज ठाकरे और उनके कार्यकर्ताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि किसी भी शिक्षक या कर्मचारी पर जबरन भाषा थोपना और हिंसा करना अस्वीकार्य है। उन्होंने नासिक पुलिस से त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने आरोप लगाया कि यदि जांच में हफ्ता वसूली जैसे गंभीर आरोप सही पाए जाते हैं, तो दोषियों पर मकोका के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए। निरुपम ने स्पष्ट किया कि वे मराठी भाषा के विरोधी नहीं हैं, बल्कि मराठी महाराष्ट्र की मातृभाषा है और सभी को इसे सीखना चाहिए, लेकिन इसके नाम पर नफरत और हिंसा की राजनीति स्वीकार नहीं की जा सकती।

इसके साथ ही निरुपम ने उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट पर हमला बोलते हुए परभणी नगर निगम में मुस्लिम महापौर बनाए जाने को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब परभणी में कांग्रेस के साथ मिलकर मुस्लिम महापौर बनाया गया, तो मुंबई में ‘सिर्फ मराठी महापौर’ का नारा क्यों दिया गया?

निरुपम ने आरोप लगाया कि उद्धव गुट ने बालासाहेब ठाकरे के विचारों से समझौता किया है, जबकि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे उनके विचारों और विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।

साथ ही उन्होंने मुंबई और महाराष्ट्र में बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई। अब इस बयान के बाद राज्य की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप और तेज होने की संभावना है।

You may also like

Leave a Comment