पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने ‘समर्पण दिवस’ के रूप में प्रदेश कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रविंद्र चव्हाण ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा प्रतिपादित ‘एकात्म मानववाद’ का दर्शन और राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता, नेता और पदाधिकारी को हर बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर ‘समर्पण दिवस’ का महत्व आत्मसात करना चाहिए।

चव्हाण ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पंचसूत्री को अपने जीवन और संगठनात्मक कार्य में अपनाएं। उन्होंने कहा कि उपाध्याय जी भारतीय जनसंघ के सह-संस्थापक थे और ‘अंत्योदय’ के विचार के प्रणेता थे। समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का उनका संकल्प आज भी पार्टी की कार्यप्रणाली का आधार है।
उन्होंने आगे कहा कि ‘साधी जीवनशैली और उच्च विचार’ का आदर्श प्रस्तुत करने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने राष्ट्र सर्वोपरि की भावना के साथ देश को परम वैभव तक पहुंचाने का मार्ग दिखाया। उनके विचार राष्ट्रसेवा और सामाजिक विकास के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेंगे।

रविंद्र चव्हाण ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के राष्ट्रनिर्माण में योगदान को स्मरण रखते हुए उनके बताए मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष अतुल कालसेकर, प्रदेश महासचिव माधवी नाईक, वरिष्ठ नेता सुनील कर्जतकर, दक्षिण मुंबई जिलाध्यक्ष शलाका सालवी, पुणे की नवनिर्वाचित महापौर मंजुषा नागपुरे, प्रदेश मुख्यालय प्रभारी रविंद्र अनासपुरे, सह प्रभारी सुमंत घैसास, प्रदेश कार्यालय सचिव मुकुंद कुलकर्णी और सह सचिव भरत राऊत सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।