बस्ती जिले में थाना सोनहा पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए गुमशुदा तीन बालिकाओं को मुंबई से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस की तत्परता और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
जानकारी के अनुसार, 03 फरवरी 2026 को थाना सोनहा क्षेत्र के ग्राम तुसैल की तीन बालिकाएं कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने थाना सोनहा में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला दर्ज होते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और बालिकाओं की तलाश तेज कर दी गई।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के दिशा-निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी रुधौली कुलदीप सिंह यादव के पर्यवेक्षण में की गई। थानाध्यक्ष महेश सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बालिकाओं की लोकेशन ट्रेस की, जो मुंबई में पाई गई।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुंबई पहुंचकर तीनों बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद उन्हें सुरक्षित बस्ती लाया गया, जहां नियमानुसार विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल अभियान में थाना सोनहा पुलिस की सक्रियता, नेतृत्व क्षमता और संवेदनशील कार्यशैली की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रही और पूरी प्रक्रिया विधिसम्मत ढंग से संपन्न की गई।
थाना सोनहा पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि बस्ती पुलिस आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।