विमेंस प्रीमियर लीग 2026 का फाइनल मुकाबला इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है। वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से हराकर दूसरी बार WPL ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इस जीत के साथ RCB ने न सिर्फ खिताब जीता, बल्कि टूर्नामेंट के सबसे बड़े रन चेज का नया रिकॉर्ड भी कायम किया।
फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 203 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। बड़े फाइनल मुकाबले में यह लक्ष्य निर्णायक माना जा रहा था, लेकिन RCB की कप्तान स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वोल की जोड़ी ने दिल्ली की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। दोनों के बीच 165 रनों की ऐतिहासिक साझेदारी हुई, जो WPL इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी पार्टनरशिप बन गई।

फाइनल में 200 से ज्यादा रन चेज करने वाली RCB पहली टीम भी बन गई।
कप्तान स्मृति मंधाना ने फाइनल में 41 गेंदों में 87 रनों की शानदार पारी खेली और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मंधाना का यह सीजन पूरी तरह उनके नाम रहा। उन्होंने कुल 377 रन बनाकर WPL 2026 की ऑरेंज कैप अपने नाम की और मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर को पीछे छोड़ा।

वहीं, गुजरात जायंट्स की ऑलराउंडर सोफी डिवाइन ने 17 विकेट लेकर पर्पल कैप जीती। हालांकि उनकी टीम फाइनल में नहीं पहुंच सकी, लेकिन व्यक्तिगत तौर पर यह सीजन उनके लिए यादगार रहा।
इस जीत के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस की बराबरी करते हुए दूसरी बार WPL खिताब जीत लिया। खास बात यह भी रही कि दिल्ली कैपिटल्स को चौथी बार WPL फाइनल में हार का सामना करना पड़ा और खिताब का इंतजार एक बार फिर अधूरा रह गया।
WPL 2026 का यह फाइनल मुकाबला रिकॉर्ड, रोमांच और कप्तानी के दम पर लिखी गई एक ऐसी कहानी बन गया, जिसमें स्मृति मंधाना और RCB का नाम लंबे समय तक याद रखा जाएगा।