प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने बेहद लोकप्रिय कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’ के 9वें संस्करण में देशभर के छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों से सीधा संवाद करेंगे। सुबह 10 बजे शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में पीएम मोदी परीक्षा के तनाव, पढ़ाई पर एकाग्रता, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास जैसे अहम विषयों पर अपने अनुभव साझा करेंगे।
इस वर्ष ‘परीक्षा पे चर्चा’ को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक, कुल 4 करोड़ 50 लाख 13 हजार 379 लोगों ने कार्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें 4.19 करोड़ से अधिक छात्र, करीब 25 लाख शिक्षक और 6 लाख से ज्यादा अभिभावक शामिल हैं। यह आंकड़ा अपने आप में इस कार्यक्रम की लोकप्रियता और छात्रों के बीच इसके प्रभाव को दर्शाता है।

हर साल तालकटोरा स्टेडियम में होने वाला यह आयोजन इस बार नए और अलग अंदाज में किया जा रहा है। कार्यक्रम की विशेष स्क्रीनिंग संसद के बालयोगी ऑडिटोरियम में होगी, जहां करीब 250 छात्र मौजूद रहेंगे। इस मौके पर कई सांसदों के भी शामिल होने की संभावना है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर छात्रों से सुबह 10 बजे ‘परीक्षा पे चर्चा’ देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम उन्हें हमेशा पसंद रहा है, क्योंकि इससे उन्हें देश के प्रतिभाशाली छात्रों से संवाद करने और उनकी सोच को समझने का मौका मिलता है। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि इस वर्ष परीक्षा से जुड़े कई रोचक और उपयोगी विषयों पर चर्चा की जाएगी, खासतौर पर तनावमुक्त रहने और पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने को लेकर।

‘परीक्षा पे चर्चा’ सरकार के ‘एग्जाम वॉरियर्स’ मिशन का अहम हिस्सा है, जिसका उद्देश्य छात्रों को परीक्षा के डर और दबाव से बाहर निकालना है। सीबीएसई और राज्य बोर्ड की परीक्षाओं के साथ-साथ जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाएं नजदीक हैं, ऐसे में पीएम मोदी की बातें छात्रों के लिए प्रेरणा का काम करती हैं।
यह कार्यक्रम DD नेशनल, DD न्यूज़ और DD इंडिया पर लाइव प्रसारित किया जाएगा। इसके अलावा शिक्षा मंत्रालय के यूट्यूब चैनल, फेसबुक लाइव और MyGov पोर्टल पर भी इसे देखा जा सकेगा। कक्षा 6 और उससे ऊपर के छात्र, शिक्षक और अभिभावक इस संवाद में भाग ले रहे हैं। शिक्षा मंत्रालय ने सभी स्कूलों से अपील की है कि वे छात्रों के लिए कार्यक्रम को लाइव देखने की समुचित व्यवस्था करें, ताकि ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ को एक बड़ी सफलता बनाया जा सके।