Home राज्यबिहारदरभंगा में दलित युवक की शिकायत पर 12 ब्राह्मणों पर FIR, पूरे गांव में दर्ज हुआ SC-ST एक्ट का मामला

दरभंगा में दलित युवक की शिकायत पर 12 ब्राह्मणों पर FIR, पूरे गांव में दर्ज हुआ SC-ST एक्ट का मामला

by ashishppandya90@gmail.com
0 comments

बिहार के दरभंगा जिले से जातीय तनाव से जुड़ी एक बड़ी और संवेदनशील खबर सामने आई है। कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के हरिनगर गांव में एक दलित युवक की शिकायत पर गांव के ब्राह्मण समाज के लोगों के खिलाफ सामूहिक रूप से FIR दर्ज की गई है। इस मामले में पुलिस ने अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कुल 70 लोगों को नामजद और करीब 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ SC-ST एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।


पूरा मामला 30 जनवरी का बताया जा रहा है, जब गांव में एक निजी विवाद ने धीरे-धीरे जातीय टकराव का रूप ले लिया। शिकायतकर्ता कैलाश पासवान ने आरोप लगाया है कि उन्होंने गांव के हेमकांत झा के मकान निर्माण का कार्य किया था, जिसमें करीब 2 लाख 47 हजार रुपये की बकाया राशि रह गई थी। इसी रकम की मांग को लेकर जब कैलाश पासवान ने हेमकांत झा के परिजनों को रास्ते में रोका, तो कहासुनी शुरू हो गई।

आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट हुई। ग्रामीणों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन मामला थमने के बजाय और बढ़ता चला गया। विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत भी बुलाई गई, लेकिन वहां भी दोनों पक्षों के बीच तनाव और हिंसक झड़प हो गई। शिकायत के मुताबिक, इस झड़प में ब्राह्मण समाज के कई लोगों ने मिलकर कैलाश पासवान और उनके परिजनों के साथ मारपीट और जातिसूचक गालियां दीं।

इन्हीं आरोपों के आधार पर कैलाश पासवान ने गांव के 70 ब्राह्मणों को नामजद करते हुए और करीब 150 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ SC-ST एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया। FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार किया है।
दरभंगा के एसएसपी जगन्नाथ रेड्डी ने बताया कि फिलहाल गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। सभी घायलों का इलाज दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। प्रशासन की ओर से इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

You may also like

Leave a Comment