Home राज्यराजस्थानराजस्थान में मुंबई अग्निशमन दल का परचम, 64 पदकों के साथ अखिल भारतीय अग्निशमन खेल प्रतियोगिता में ऐतिहासिक सफलता

राजस्थान में मुंबई अग्निशमन दल का परचम, 64 पदकों के साथ अखिल भारतीय अग्निशमन खेल प्रतियोगिता में ऐतिहासिक सफलता

by ashishppandya90@gmail.com
0 comments

राजस्थान में आयोजित अखिल भारतीय अग्निशमन सेवा खेल प्रतियोगिता 2026 में मुंबई अग्निशमन दल ने अपनी शानदार खेल क्षमता और अनुशासन का लोहा मनवाया है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका के अंतर्गत कार्यरत मुंबई अग्निशमन दल ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कुल 64 पदक जीतकर देशभर में अपनी उत्कृष्ट पहचान बनाई है।

राजस्थान के उदयपुर में 27 से 31 जनवरी 2026 के बीच आयोजित इस अखिल भारतीय अग्निशमन सेवा खेल प्रतियोगिता में देशभर से 1200 से अधिक अग्निशमन जवानों ने भाग लिया। मुंबई अग्निशमन दल की 42 सदस्यीय टीम ने इस कड़ी प्रतिस्पर्धा में हिस्सा लेते हुए 21 स्वर्ण, 21 रजत और 22 कांस्य पदक अपने नाम किए। कुल 64 पदकों के साथ मुंबई टीम ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने शिरपेच में एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि जोड़ ली।

इस प्रतियोगिता में मुंबई अग्निशमन दल की महिला जवानों ने भी सशक्त भागीदारी निभाई। टीम में शामिल 10 महिला अग्निशमन जवानों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक तालिका में अहम योगदान दिया।

अग्निशमन से जुड़ी तकनीकी कवायदों और खेल स्पर्धाओं में मुंबई के जवानों ने अपने कौशल, शारीरिक क्षमता और टीमवर्क का बेहतरीन प्रदर्शन किया। केंद्र अधिकारी संकेत नाईक ने टेबल टेनिस, लॉन टेनिस और बैडमिंटन जैसी खेल स्पर्धाओं में कुल 12 पदक जीतकर विशेष उपलब्धि हासिल की।

प्रतियोगिता में विजेता मुंबई टीम का नेतृत्व उप प्रमुख अग्निशमन अधिकारी डॉ. दीपक घोष ने किया। डॉ. घोष ने न केवल टीम को सफल मार्गदर्शन दिया, बल्कि 55 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की व्यक्तिगत अग्नि कवायद स्पर्धा में दो रजत पदक जीतकर स्वयं भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।

मुंबई अग्निशमन दल की इस ऐतिहासिक सफलता पर बृहन्मुंबई महानगरपालिका आयुक्त एवं प्रशासक श्री भूषण गगराणी, अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (शहर) डॉ. अश्विनी जोशी, उप आयुक्त (सामान्य प्रशासन) श्री किशोर गांधी तथा प्रमुख अग्निशमन अधिकारी श्री रवींद्र अंबुलगेकर ने सभी विजेता खिलाड़ियों और अधिकारियों को बधाई दी है।

गौरतलब है कि मुंबई अग्निशमन दल इससे पहले भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी उत्कृष्टता साबित कर चुका है। जून–जुलाई 2025 में अमेरिका के अलाबामा राज्य के बर्मिंघम में आयोजित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2025 में भी मुंबई अग्निशमन दल ने कुल 4 पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया था। वहीं जनवरी 2025 में नई दिल्ली में आयोजित अखिल भारतीय अग्निशमन खेल प्रतियोगिता में मुंबई टीम ने 16 स्वर्ण सहित कुल 40 पदक अपने नाम किए थे।

आग से मुंबईकरों की सुरक्षा के साथ-साथ खेल के मैदान में भी उत्कृष्टता का प्रदर्शन करना, मुंबई अग्निशमन दल की प्रतिबद्धता, समर्पण और अनुशासन का प्रमाण है।

You may also like

Leave a Comment