नासिक की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को एक नया आयाम देते हुए पंचवटी में गोदावरी नदी की महाआरती का भव्य और दिव्य आयोजन किया गया। दक्षिण की गंगा कही जाने वाली गोदावरी के तट पर आयोजित इस महाआरती में 1500 से अधिक महिला और पुरुषों ने एक साथ आरती कर विश्व रिकॉर्ड बनाया।
इस ऐतिहासिक आयोजन में 1300 महिलाएं और 200 पुरुषों ने समान परिधान पहनकर सामूहिक रूप से गोदावरी माता की आराधना की। हर हर गंगे, हर गोदावरी के जयघोष से पंचवटी क्षेत्र गूंज उठा। इस अलौकिक दृश्य को देखने और अपने मोबाइल कैमरों में कैद करने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया।

महाआरती में देशभर से एक लाख से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए, जिससे पंचवटी और आसपास का क्षेत्र श्रद्धा और भक्ति के सागर में डूब गया। नासिकवासियों के लिए यह पहला अवसर था, जब इतनी बड़ी संख्या में एक साथ महाआरती का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर राज्य के मंत्री गिरीश महाजन, आदिनाथ संप्रदाय एवं हिन्दू जोड़ो यात्रा प्रमुख कल्किराम महाराज सहित कई संत-महंत और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजकों के अनुसार, गोदावरी महाआरती का यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि नासिक को आध्यात्मिक पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी माना जा रहा है।