सातारा:महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने आज कराड स्थित प्रीतिसंगम पहुंचकर महाराष्ट्र के शिल्पकार और राज्य के पहले मुख्यमंत्री स्वर्गीय यशवंतराव चव्हाण की समाधि पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद यह उनका कराड का पहला दौरा था, जिसे राजनीतिक और भावनात्मक दोनों दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
इस अवसर पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद सुनील तटकरे, मदत व पुनर्वसन मंत्री मकरंद पाटील, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर, सांसद नितिन पाटील, पूर्व सांसद श्रीनिवास पाटील, पूर्व विधायक बालासाहेब पाटील, जिलाधिकारी संतोष पाटील, पुलिस अधीक्षक तुषार दोशी तथा कराड नगराध्यक्ष राजेंद्रसिंह यादव सहित विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संस्थाओं के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय यशवंतराव चव्हाण के योगदान और उनके दूरदर्शी नेतृत्व को याद किया गया। इस मौके पर स्वर्गीय अजितदादा पवार और यशवंतराव चव्हाण के बीच रहे आत्मीय संबंधों की भी चर्चा हुई। उपस्थित नेताओं ने बताया कि स्वर्गीय अजितदादा पवार का प्रीतिसंगम से विशेष भावनात्मक जुड़ाव था और वे अक्सर कराड आकर यशवंतराव चव्हाण की समाधि पर दर्शन और अभिवादन किया करते थे।

उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार की इस श्रद्धांजलि को राज्य की राजनीतिक परंपरा और मूल्यों से जुड़े एक भावनात्मक क्षण के रूप में देखा जा रहा है, जहां उन्होंने महाराष्ट्र की राजनीति के मार्गदर्शक माने जाने वाले यशवंतराव चव्हाण को नमन कर उनके विचारों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दिखाई।