महाराष्ट्र की राजनीति में आज बड़ा और निर्णायक दिन माना जा रहा है। दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद खाली हुए डिप्टी सीएम पद को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के भीतर मंथन अंतिम दौर में पहुंच गया है। एनसीपी (अजित पवार गुट) की संसदीय बोर्ड और विधायक दल की अहम बैठक आज दोपहर 2 बजे विधानभवन में बुलाई गई है, जिसमें विधायक दल के नेता के नाम पर फैसला लिया जाएगा।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस पद के लिए अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार का नाम सबसे आगे है और उन्हें विधायक दल का नेता चुने जाने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। बैठक में सर्वसम्मति बनने के बाद उनका नाम मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा। इसके तुरंत बाद शनिवार शाम शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किए जाने की संभावना है। अगर ऐसा होता है, तो सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री होंगी।
एनसीपी (एपी) के महाराष्ट्र अध्यक्ष और सांसद सुनील तटकरे ने बैठक की पुष्टि करते हुए कहा है कि सभी विधायक इसमें शामिल होंगे और आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री छगन भुजबल ने भी संकेत दिए हैं कि कई नेताओं की राय है कि यह जिम्मेदारी सुनेत्रा पवार को दी जानी चाहिए और इसमें कोई आपत्ति नहीं है।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच एनसीपी के दोनों गुटों के विलय की चर्चाएं भी एक बार फिर तेज हो गई हैं। नेताओं का कहना है कि अजित पवार और शरद पवार के बीच विलय को लेकर बातचीत अंतिम चरण में थी और कुछ स्थानीय निकाय चुनाव दोनों गुटों ने मिलकर लड़े थे। ऐसे में आज होने वाली बैठक को सिर्फ डिप्टी सीएम पद के फैसले के तौर पर नहीं, बल्कि एनसीपी के राजनीतिक भविष्य की दिशा तय करने वाली बैठक के रूप में भी देखा जा रहा है।