उत्तर प्रदेश, देश की सत्ता की चाबी, और अगर आज यहां लोकसभा चुनाव होते तो स्थिति कुछ इस तरह दिखती… इंडिया टुडे – सी वोटर के ताजा Mood of the Nation सर्वे के मुताबिक, एनडीए गठबंधन यूपी में 47 से 49 सीटों के साथ सबसे बड़ा गठबंधन बनता, जबकि इंडिया गठबंधन केवल 30 से 32 सीटों तक सिमटता।
सर्वे में बीजेपी अकेले 44 सीटों के साथ एनडीए की सबसे मजबूत पार्टी बनी हुई है। एनडीए के सहयोगी दल, जैसे अपना दल (एस) और रालोद, मिलकर लगभग 4 सीटें जीत सकते हैं। इंडिया गठबंधन में सपा सबसे बड़ी ताकत दिख रही है, जहां अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली पार्टी को 29 सीटों का अनुमान है, जबकि कांग्रेस सिर्फ दो सीटों तक सीमित है।

वोट शेयर की तस्वीर भी यही कहानी बयां करती है एनडीए को 47.1% और इंडिया गठबंधन को 42.4% वोट मिलने का अनुमान है। इसी बीच मायावती की बसपा का वोट शेयर करीब 5% होने के बावजूद कोई सीट जीतने की संभावना नहीं दिख रही, जो उसके कमजोर पड़ते प्रभाव को साफ दर्शाता है।

सर्वे में अगस्त 2025 से जनवरी 2026 तक बदलाव भी देखने को मिला है। उस समय एनडीए को 38 सीटें और इंडिया गठबंधन को 42 सीटें मिल रही थीं, लेकिन अब पलड़ा एनडीए के पक्ष में भारी दिख रहा है। यूपी की राजनीति अब सीधे दो बड़े गठबंधनों के बीच संघर्ष करती नजर आ रही है, और फिलहाल बाजी एनडीए के हाथ में है।