मुंबई के बोरीवली पश्चिम इलाके में हुई चैन स्नैचिंग की सनसनीखेज वारदात को MHB पुलिस ने महज़ 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए बुजुर्ग महिला से छीनी गई 25 ग्राम सोने की चैन भी बरामद कर ली है।
यह घटना 21 जनवरी की शाम करीब 7:40 बजे बोरीवली पश्चिम स्थित एलआईसी कॉलोनी परिसर के अय्यप्पा स्वामी मंदिर के गेट पर हुई। 70 वर्षीय वसंती अय्यर मंदिर में दर्शन के लिए जा रही थीं, तभी पीछे से आए एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से सोने की चैन झपट ली और मौके से फरार हो गया। आरोपी पास में खड़े एक ऑटो रिक्शा में बैठकर तेजी से वहां से निकल गया।
घटना के बाद पीड़िता ने MHB पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने FIR क्रमांक 035/2026 के तहत BNS की धारा 304(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले ऑटो रिक्शा की पहचान छिपाने के लिए उसकी नंबर प्लेट पर ग्रीस लगाया था, ताकि CCTV फुटेज में नंबर स्पष्ट न दिखे।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में बनाई गई विशेष जांच टीम ने इलाके और आसपास के कई स्थानों के CCTV फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और लगातार जांच के बाद पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए ऑटो रिक्शा के चालक राजनारायण छोटेलाल शर्मा (35) को दहिसर पूर्व के ज्ञानेश्वर नगर इलाके से गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान ऑटो चालक की निशानदेही पर पुलिस ने मुख्य आरोपी संजीव मुरलीधर गुप्ता (43) को भी ज्ञानेश्वर नगर, दहिसर पूर्व से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से छीनी गई 25 ग्राम सोने की चैन बरामद की है।
इस पूरे मामले में सहायक पुलिस आयुक्त संतोष विमलनारायण धनवटे ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर केस सुलझा लिया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों के आसपास गश्त और निगरानी और सख्त की जाएगी, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

MHB पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर यह साफ हो गया है कि मुंबई पुलिस अपराधियों के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और बुजुर्गों व आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।