Home देशश्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी का 350वां शहीदी समागम नांदेड से जाएगा वैश्विक स्तर तक, सभी विभाग समन्वय से करें कार्य : राज्यमंत्री माधुरी मिसाल

श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी का 350वां शहीदी समागम नांदेड से जाएगा वैश्विक स्तर तक, सभी विभाग समन्वय से करें कार्य : राज्यमंत्री माधुरी मिसाल

by ashishppandya90@gmail.com
0 comments

नांदेड में ‘हिंद दी चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी समागम को ऐतिहासिक और वैश्विक स्वरूप देने की तैयारियां जोरों पर हैं। इस कार्यक्रम को केवल नांदेड तक सीमित न रखते हुए देश और दुनिया तक पहुंचाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय, सटीक योजना और जिम्मेदारी के साथ काम करने के निर्देश राज्य की नगर विकास, परिवहन, सामाजिक न्याय, वैद्यकीय शिक्षण, अल्पसंख्यक विकास एवं औकाफ राज्यमंत्री माधुरी मिसाल ने दिए हैं।

राज्यमंत्री माधुरी मिसाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस शताब्दी वर्ष कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में संबंधित जिलों के जिलाधिकारी, राज्यस्तरीय समिति के समन्वयक रामेश्वर नाइक, समिति अध्यक्ष डॉ. विजय सतबीर सिंह, विभागीय व जिला सूचना अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

माधुरी मिसाल ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता, पर्याप्त पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। साथ ही कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया के माध्यम से किया जाए। स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी उन्होंने जोर दिया।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में देशभक्ति और प्रेरणा का भाव जागृत करने के लिए स्कूल स्तर पर निबंध और वक्तृत्व प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाए और उसकी जानकारी पोर्टल पर अपलोड की जाए। इसके साथ ही सिनेमाघरों में भक्तिगीतों का प्रसारण, प्रत्येक जिले में होर्डिंग्स लगाकर कार्यक्रम का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्य कार्यक्रम में महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए पार्किंग से कार्यक्रम स्थल तक सुचारू परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश भी राज्यमंत्री ने दिए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी राहुल कर्डिले ने जानकारी दी कि श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी समागम के अवसर पर 24 और 25 जनवरी 2026 को नांदेड के असरजन परिसर में सार्वजनिक बांधकाम विभाग के 52 एकड़ मैदान पर भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण सहित अनेक मंत्री, संत-महात्मा और लाखों श्रद्धालु शामिल होंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि आयोजन स्थल पर युद्धस्तर पर तैयारियां चल रही हैं। श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था, दो विशाल टेंट सिटी, शहर के मंगल कार्यालयों और स्कूलों में ठहरने की सुविधा की गई है। एक टेंट सिटी में लगभग 14 हजार श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था है।

निवास, भोजन, परिवहन, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं विभागीय समन्वय से की जा रही हैं। प्रशासन पूरी तरह तैयार है और यह शहीदी समागम नांदेड ही नहीं, बल्कि देश-दुनिया में एक प्रेरणादायी और ऐतिहासिक आयोजन के रूप में अपनी पहचान बनाई है।

You may also like

Leave a Comment