मुंबई के जुहू इलाके में सोमवार रात करीब 8.30 बजे एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। मुक्तेश्वर रोड के पास बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार के काफिले में शामिल सिक्योरिटी गाड़ी की एक ऑटो रिक्शा से टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि ऑटो के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए, जबकि अक्षय कुमार की एस्कॉर्ट कार असंतुलित होकर सड़क पर दो टायरों पर खड़ी हो गई।
जानकारी के मुताबिक, अक्षय कुमार अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना के साथ एयरपोर्ट से जुहू स्थित अपने आवास की ओर लौट रहे थे। अभिनेता और उनकी पत्नी आगे चल रही दूसरी कार में सवार थे, जबकि पीछे चल रही सिक्योरिटी गाड़ी हादसे का शिकार हुई। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार की टक्कर के बाद यह ऑटो रिक्शा अक्षय कुमार की सिक्योरिटी कार से जा भिड़ा।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। ऑटो रिक्शा चालक और एक यात्री हादसे में घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। ऑटो चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही जुहू पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है, लेकिन पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। दुर्घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अक्षय कुमार की एस्कॉर्ट गाड़ी दो टायरों पर खड़ी दिखाई दे रही है और ऑटो रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आ रहा है।

गनीमत यह रही कि इस हादसे में अभिनेता अक्षय कुमार और उनकी पत्नी पूरी तरह सुरक्षित हैं। वहीं, अक्षय कुमार की टीम की ओर से अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।