Home धर्म / आध्यात्मआने वाली नई पीढ़ी ही भारत का भविष्य, संयम और सही लक्ष्य से बनेगा सफल जीवन: ALLEN डायरेक्टर से बातचीत में बोले प्रेमानंद महाराज

आने वाली नई पीढ़ी ही भारत का भविष्य, संयम और सही लक्ष्य से बनेगा सफल जीवन: ALLEN डायरेक्टर से बातचीत में बोले प्रेमानंद महाराज

by ashishppandya90@gmail.com
0 comments

वृंदावन के प्रसिद्ध संत गुरु प्रेमानंद महाराज ने एक बार फिर अपने विचारों से शिक्षा और संस्कार के महत्व को रेखांकित किया है. हाल ही में देश के जाने-माने कोचिंग संस्थान ALLEN इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर ने वृंदावन पहुंचकर प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की. इस दौरान दोनों के बीच बच्चों के भविष्य, शिक्षा, लक्ष्य और जीवन मूल्यों को लेकर गहन चर्चा हुई.

ALLEN इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर ने महाराज जी को प्रणाम करते हुए बताया कि संस्थान से देशभर में करीब 4 लाख बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं और बड़ी संख्या में छात्र महाराज जी के विचारों से प्रेरणा लेते हैं. उन्होंने कहा कि संस्थान में रोजाना पढ़ाई की शुरुआत प्रार्थना से होती है, जिससे बच्चों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है. महाराज जी के संदेशों को छात्र अपने जीवन में अपनाने का प्रयास कर रहे हैं.

इस पर प्रेमानंद महाराज ने कहा कि बच्चे ही भारत का भविष्य हैं और उनके भीतर यह छुपा है कि वे आगे चलकर क्या बनेंगे. उन्होंने कहा कि आज की नई पीढ़ी को व्यसन और गलत विचारों से दूर रखना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. यदि युवा नशे और बुरी आदतों से बचें, तो उनके भीतर देश और समाज की सेवा का भाव स्वतः जागृत होगा.

महाराज जी ने आगे कहा कि कोई बच्चा अच्छा डॉक्टर बनेगा तो वह अनेक लोगों के जीवन में राहत लाएगा, कोई अच्छा विधायक या जनप्रतिनिधि बनेगा तो समाज के विकास के लिए कार्य करेगा, वहीं कोई अच्छा शिक्षक बनेगा तो आने वाली पीढ़ियों को सही दिशा देगा. अलग-अलग भूमिकाओं में यही बच्चे आगे चलकर समाज और राष्ट्र का निर्माण करेंगे.

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि यदि बच्चे स्वार्थ और परमार्थ के संतुलन के साथ अध्यात्म से जुड़ जाएं, तो वे समाज को सुख देने वाले नागरिक बनेंगे. गुरुजनों, शिक्षकों और मार्गदर्शकों का कर्तव्य है कि वे बच्चों को ऐसी प्रेरणा दें जिससे उनकी बुद्धि सुरक्षित रहे और वे गलत रास्तों पर न जाएं.

प्रेमानंद महाराज ने कहा कि लक्ष्य प्राप्त होने तक बच्चों का मन और स्मृति भटकने न पाए, इसके लिए संयम और सही दिशा बेहद जरूरी है. जब लक्ष्य हासिल हो जाता है, तो जीवन की समझ अपने आप विकसित हो जाती है, लेकिन लक्ष्य तक पहुंचने के मार्ग में अनुशासन और सही मार्गदर्शन सबसे अधिक आवश्यक है.

गौरतलब है कि ALLEN इंस्टीट्यूट भारत का एक प्रमुख कोचिंग संस्थान है, जो मुख्य रूप से JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराता है. कोटा से शुरू हुआ यह संस्थान आज देशभर में शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा नाम बन चुका है.

You may also like

Leave a Comment