Home देशBMC Election: मुंबई में महाचुनाव से पहले कड़ा सुरक्षा घेरा, 28 हजार पुलिसकर्मी तैनात, सभी छुट्टियां रद्द

BMC Election: मुंबई में महाचुनाव से पहले कड़ा सुरक्षा घेरा, 28 हजार पुलिसकर्मी तैनात, सभी छुट्टियां रद्द

by ashishppandya90@gmail.com
0 comments

मुंबई महानगरपालिका चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए मुंबई पुलिस ने शहरभर में कड़ा सुरक्षा बंदोबस्त लागू कर दिया है। 15 जनवरी को होने वाले मतदान और उसके अगले दिन शुक्रवार को होने वाली मतगणना के मद्देनज़र मुंबई पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

चुनाव के दौरान किसी भी तरह की हिंसा, गड़बड़ी, फर्जी मतदान या राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच टकराव को रोकने के लिए करीब 28 हजार से अधिक पुलिस अधिकारी और जवानों को तैनात किया गया है। इसके साथ ही एसआरपीएफ की प्लाटून, क्यूआरटी टीम, बीडीडीएस स्क्वॉड, आरसीपी प्लाटून और होमगार्ड्स को भी शहर के संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया है।

मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती के मार्गदर्शन में चुनावी सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। इसी के तहत पूरे शहर में 10 अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, 33 पुलिस उपायुक्त, 84 सहायक पुलिस आयुक्त, 3 हजार पुलिस अधिकारी और करीब 25 हजार पुलिसकर्मी चुनावी ड्यूटी पर तैनात किए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करते हुए मुंबई पुलिस बल के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। मेडिकल इमरजेंसी को छोड़कर किसी भी पुलिसकर्मी को अवकाश नहीं दिया जाएगा। सभी पुलिस थानों के वरिष्ठ अधिकारियों को लगातार सतर्क रहने और अपने-अपने क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मुंबई पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें, शांति बनाए रखें और किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। नागरिक 100 या 112 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

मुंबई में होने वाले इस महत्वपूर्ण चुनाव को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।

You may also like

Leave a Comment