Home देशभाजपा के बुलडोज़र से नहीं डरी कांग्रेस, महानगर पालिका में भी फहराएगा कांग्रेस का झंडा: हर्षवर्धन सपकाल

भाजपा के बुलडोज़र से नहीं डरी कांग्रेस, महानगर पालिका में भी फहराएगा कांग्रेस का झंडा: हर्षवर्धन सपकाल

by ashishppandya90@gmail.com
0 comments

सोलापुर :कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने सत्ताधारी भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि सत्ता के दम पर लोकतंत्र को कुचलने की कोशिश की जा रही है, लेकिन भाजपा के बुलडोज़र से कांग्रेस का कार्यकर्ता डरने वाला नहीं है। उन्होंने भरोसा जताया कि जिस तरह नगरपालिकाओं में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है, उसी तरह महानगरपालिकाओं में भी कांग्रेस का झंडा फहराया जाएगा।

महानगरपालिका चुनाव प्रचार के सिलसिले में सोलापुर दौरे पर पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव में सत्ताधारी दल ने पैसा, पुलिस, प्रशासन और यहां तक कि चुनाव आयोग का दुरुपयोग किया है। लोकतांत्रिक परंपराओं और संस्कारों को कुचलते हुए सत्ता पक्ष ने लोकतंत्र का तमाशा बना दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को बेहद अहंकारी बताते हुए कहा कि विरोधी दलों पर बुलडोज़र चलाने की नीति अपनाई जा रही है, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता मजबूती से खड़ा रहा। इसी का नतीजा है कि नगरपालिकाओं में कांग्रेस के 41 नगराध्यक्ष और 1006 नगरसेवक विजयी हुए हैं।

हर्षवर्धन सपकाल ने चुनावों के दौरान हिंसा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि स्थानीय चुनावों के दौरान राज्य में तीन हत्याएं हुई हैं, जो असुरी राजनीति की भयावह तस्वीर पेश करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने कोयता गैंग, वर्ली मटका और ड्रग्स माफिया से जुड़े लोगों को उम्मीदवार बनाया है। तुळजापुर में ड्रग्स माफिया को नगराध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाए जाने का भी उन्होंने आरोप लगाया। सपकाल ने कहा कि भाजपा न केवल अपराधियों को, बल्कि बलात्कारियों को भी संरक्षण दे रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि नगरपालिका और महानगरपालिका चुनावों में शहर की मूलभूत समस्याओं पर चर्चा होनी चाहिए थी, लेकिन सत्ताधारी दल जानबूझकर भाषा विवाद, मराठी बनाम हिंदी, और महापौर कौन हो मराठी या परप्रांतीय जैसे मुद्दों को हवा दे रहा है। बिनविरोध चुनावों की होड़ लोकतंत्र के लिए घातक है। ऐसे स्थानों पर नोटा का विकल्प अनिवार्य किया जाना चाहिए, ताकि लोकतंत्र को बचाया जा सके।

अदाणी मुद्दे पर बोलते हुए हर्षवर्धन सपकाल ने राहुल गांधी के रुख का खुलकर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूंजीपतियों के खिलाफ नहीं है, लेकिन मोदी सरकार जिस तरह से अदाणी को देश के हर क्षेत्र में खुली छूट दे रही है, वह देश के लिए बेहद खतरनाक है। राहुल गांधी जिस खतरे की बात कर रहे हैं, वही बात शिवाजी पार्क में राज ठाकरे ने भी कही है। सपकाल ने आरोप लगाया कि भाजपा “राष्ट्रीय संत” अदाणी के लिए पानी ढोने का काम कर रही है। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर केंद्र में कांग्रेस की सरकार आई, तो ईस्ट इंडिया कंपनी की तरह देश पर कब्जा करने वाली अदाणी और अंबानी की कंपनियों का राष्ट्रीयकरण किया जाएगा।

वंचित बहुजन आघाड़ी के साथ गठबंधन पर बोलते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुंबई, लातूर और नांदेड में कांग्रेस और वंचित की आघाड़ी केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि विचारों का मेल है और इसे आगे बढ़ाने की जरूरत है। साथ ही उन्होंने मित्र दलों को अनावश्यक और विवादास्पद बयानबाजी से बचने की सलाह दी। प्रणिती शिंदे को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगाते हुए सपकाल ने साफ कहा कि सांसद प्रणिती शिंदे कांग्रेस में हैं और कांग्रेस में ही रहेंगी।

इस दौरान कांग्रेस वर्किंग कमेटी की सदस्य सांसद प्रणिती शिंदे सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।

You may also like

Leave a Comment