Home देशBMC चुनाव: मुंबई पर आया संकट, शिवाजी पार्क में एक मंच पर दिखे राज- उद्धव ठाकरे, हिंदी सख्ती पर सरकार को घेरा

BMC चुनाव: मुंबई पर आया संकट, शिवाजी पार्क में एक मंच पर दिखे राज- उद्धव ठाकरे, हिंदी सख्ती पर सरकार को घेरा

by ashishppandya90@gmail.com
0 comments

बृहन्मुंबई महानगरपालिका चुनाव को लेकर ठाकरे परिवार इस बार पूरी तरह एकजुट नजर आया। मुंबई के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में रविवार को राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे ने संयुक्त रैली कर राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया। मंच से दोनों नेताओं ने साफ संदेश दिया कि मुंबई और मराठी अस्मिता के मुद्दे पर किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने अपने संबोधन की शुरुआत भावुक अंदाज में करते हुए कहा कि शिवाजी पार्क से उनका पुराना रिश्ता रहा है और आज दो भाई एक साथ मंच पर आए हैं। उन्होंने कहा कि इस गठबंधन में टिकट बंटवारे को लेकर अगर कोई नाराज है तो वह उनसे माफी मांगते हैं, क्योंकि सभी अपने ही हैं और वापस साथ आएंगे।

राज ठाकरे ने कहा कि उनके और उद्धव ठाकरे के एक साथ आने का मुख्य कारण मुंबई पर आया संकट है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने जानबूझकर हिंदी सख्ती लागू कर यह परखने की कोशिश की कि मराठी समाज जाग रहा है या नहीं। राज ठाकरे ने कहा कि 2024 के बाद सरकार का रवैया बदल गया है और सत्ता के नशे में बिना जनता से पूछे फैसले लिए जा रहे हैं।

राज ठाकरे ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अलग-अलग जगहों पर राजनीतिक सौदेबाजी खुलकर सामने आ रही है। उन्होंने दावा किया कि कहीं बीजेपी और AIMIM साथ आए तो कहीं कांग्रेस और बीजेपी ने मिलकर चुनावी समीकरण बनाए। राज ठाकरे ने यह भी आरोप लगाया कि विवादित और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों को टिकट देकर सत्ता ने अपनी हदें पार कर दी हैं।

वहीं उद्धव ठाकरे ने भी अपने भाषण में बीजेपी पर तीखा हमला बोला और कहा कि मुंबई को राजनीतिक प्रयोगशाला नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीएमसी चुनाव सिर्फ सत्ता का नहीं, बल्कि मुंबई और मराठी मानुष के सम्मान का चुनाव है।
शिवाजी पार्क की इस संयुक्त रैली से साफ हो गया है कि बीएमसी चुनाव में ठाकरे बंधु मिलकर मैदान में उतरेंगे और मुकाबला सीधा और तीखा होने वाला है।

You may also like

Leave a Comment