मुंबई :मुंबईकरों के लिए सर्दियों की सौगात एक बार फिर लौट रही है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका और वृक्ष प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में भायखला स्थित वीरमाता जिजाबाई भोसले वनस्पति उद्यान एवं प्राणिसंग्रहालय में 6 से 8 फरवरी 2026 के दौरान तीन दिवसीय ‘मुंबई पुष्पोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। यह पुष्पोत्सव 6 फरवरी 2026 को सुबह उद्घाटन के साथ शुरू होगा और रात 8 बजे तक आम नागरिकों के लिए खुला रहेगा। वहीं 7 और 8 फरवरी को सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक मुंबईकर इस पुष्पोत्सव का आनंद ले सकेंगे। इस वर्ष यह पुष्पोत्सव अपने 29वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका आयुक्त एवं प्रशासक भूषण गगराणी और अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (पूर्व उपनगर) डॉ. अविनाश ढाकणे के मार्गदर्शन में, उप आयुक्त (उद्यान) अजितकुमार आंबी तथा उद्यान अधीक्षक जितेंद्र परदेशी की देखरेख में इस भव्य आयोजन को साकार किया जा रहा है।
शिशिर ऋतु की शुरुआत के साथ ही ‘मुंबई पुष्पोत्सव’ मुंबईकरों के लिए एक खुशबूदार उत्सव बन जाता है। भागदौड़ भरी जिंदगी में यह पुष्पोत्सव प्रकृति के करीब जाने का सुनहरा अवसर देता है। इस आयोजन में विभिन्न प्रजातियों के रंग-बिरंगे फूलों के पौधे, फलदार वृक्षों के रोपण, औषधीय वनस्पतियां और अलग-अलग मौसम में खिलने वाले फूलों सहित करीब 5 हजार से अधिक पौधों का प्रदर्शन किया जाएगा।

पर्यावरण और बागवानी में रुचि रखने वाले नागरिकों के लिए पुष्पोत्सव परिसर में उद्यान संबंधी सामग्री, पौधों के लिए खाद और अन्य जरूरी उपकरणों की बिक्री के लिए विशेष स्टॉल भी लगाए जाएंगे। खास बात यह है कि इन तीनों दिनों के दौरान मुंबई पुष्पोत्सव में आम नागरिकों के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।
पुष्पोत्सव के साथ-साथ 6 से 8 फरवरी 2026 के बीच उद्यान विषयक कार्यशालाओं का भी आयोजन किया जाएगा। इन कार्यशालाओं में बागवानी की बारीकियों, पौधों और वृक्षों की देखभाल, खाद के सही उपयोग और पौधों की बेहतर वृद्धि से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां विशेषज्ञों द्वारा दी जाएंगी।

हर वर्ष की तरह इस बार भी मुंबई पुष्पोत्सव को एक विशेष और आकर्षक संकल्पना के साथ सजाया जाएगा। पिछले वर्ष राष्ट्रीय प्रतीकों को फूलों के माध्यम से साकार किया गया था, जिसने मुंबईकरों का खासा ध्यान खींचा था। इस वर्ष भी फूलों की अनोखी कलाकृतियों और आकर्षक सजावट के जरिए एक नई और अनूठी संकल्पना प्रस्तुत की जाएगी।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका की ओर से मुंबईकरों से अपील की गई है कि वे इन तीन दिनों तक चलने वाले ‘मुंबई पुष्पोत्सव’ में परिवार और मित्रों के साथ शामिल होकर प्रकृति की इस रंगीन और सुगंधित दुनिया का आनंद जरूर लें।