टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज़ विराट कोहली को लेकर सोशल मीडिया पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 29 जनवरी की रात उनका इंस्टाग्राम अकाउंट अचानक गायब हो गया। 27.4 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स वाला विराट कोहली का ऑफिशियल इंस्टाग्राम प्रोफाइल न तो सर्च में दिखाई दे रहा था और न ही ओपन हो रहा था।
अकाउंट गायब होते ही फैंस कंफ्यूज हो गए और तरह-तरह की अटकलें लगने लगीं। किसी ने कहा कि विराट ने सोशल मीडिया से दूरी बना ली है, तो किसी ने अकाउंट डिलीट या सस्पेंड होने की आशंका जताई.. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X और इंस्टाग्राम पर #ViratKohli ट्रेंड करने लगा और कई फैंस ने विराट की पत्नी अनुष्का शर्मा को टैग कर सवाल पूछे…

हालांकि इस पूरे मामले में न विराट कोहली, न उनकी मैनेजमेंट टीम और न ही इंस्टाग्राम की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया। ऐसे में यह साफ नहीं हो पाया कि अकाउंट जानबूझकर डी-एक्टिवेट किया गया था या फिर यह कोई टेक्निकल गड़बड़ी थी।
इस बीच 30 जनवरी की सुबह विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट फिर से एक्टिव नजर आया, जिसके बाद फैंस ने राहत की सांस ली। गौरतलब है कि बीते कुछ समय से विराट सोशल मीडिया पर काफी कम एक्टिव दिख रहे थे और उन्होंने कई प्रमोशनल पोस्ट भी हटाए थे। माना जा रहा है कि वह क्रिकेट और परिवार को ज्यादा प्राथमिकता दे रहे हैं।

विराट कोहली इंस्टाग्राम पर दुनिया के सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं। क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेसी के बाद वह तीसरे सबसे बड़े स्पोर्ट्स एथलीट हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विराट एक इंस्टाग्राम प्रमोशनल पोस्ट के लिए 12 से 14 करोड़ रुपये तक चार्ज करते हैं।
फिलहाल अकाउंट की वापसी के बाद भले ही सस्पेंस खत्म हो गया हो, लेकिन कुछ घंटों के लिए विराट कोहली का इंस्टाग्राम गायब होना सोशल मीडिया पर बड़ी चर्चा का विषय बन गया।