Home देश“सामान्य जनता की एक भी योजना बंद नहीं होगी” बार्शी की सभा में डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे का ऐलान, विधायक दिलीप सोपल की खुलकर तारीफ

“सामान्य जनता की एक भी योजना बंद नहीं होगी” बार्शी की सभा में डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे का ऐलान, विधायक दिलीप सोपल की खुलकर तारीफ

by ashishppandya90@gmail.com
0 comments

बार्शी-सोलापुर से बड़ी राजनीतिक खबर है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने साफ शब्दों में कहा है कि राज्य सरकार द्वारा आम जनता के लिए शुरू की गई एक भी योजना बंद नहीं की जाएगी। चाहे कितना भी विरोध हो, चाहे कोई कोर्ट जाए या आरोप लगाए सरकार अपने फैसलों से पीछे नहीं हटेगी। बार्शी में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के प्रचार के दौरान आयोजित एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम शिंदे ने यह दो टूक संदेश दिया।

एकनाथ शिंदे ने कहा कि राज्य की तिजोरी पर पहला हक किसान, मेहनतकश, युवा और महिलाओं का है। सरकार की प्राथमिकता यही वर्ग है और आगे भी यही रहेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन वर्गों के कल्याण के लिए शुरू की गई योजनाएं बिना रुके लगातार चलती रहेंगी।

सभा के दौरान उपमुख्यमंत्री शिंदे ने बार्शी के विधायक दिलीप सोपल की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि “अगर विधायक कैसा होना चाहिए, इसका उदाहरण कोई है तो वह दिलीप सोपल हैं। वे सबके मित्र हैं, किसी के शत्रु नहीं। छह–सात बार चुनाव जीतना कोई संयोग नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत और जनता के विश्वास का प्रमाण है।”

शिंदे ने यह भी कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद सभा में उमड़ी भीड़ यह साबित करती है कि दिलीप सोपल के काम को जनता कितना मानती है। उन्होंने विश्वास जताया कि सोपल एक बार फिर बड़े अंतर से जीत दर्ज करेंगे और आने वाले समय में मंत्रिमंडल में उनकी भूमिका और भी अहम होगी।

कार्यकर्ताओं की भूमिका पर बोलते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि चुनाव जिताने का असली काम कार्यकर्ता करता है। उन्होंने खुद को पहले एक कार्यकर्ता बताया और कहा कि शिवसेना कार्यकर्ताओं की पार्टी है, इसलिए वह हमेशा कार्यकर्ताओं के साथ खड़े रहेंगे।

सरकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए एकनाथ शिंदे ने बताया कि मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिण योजना, लेक लाडकी लखपती योजना, एसटी यात्रा में 50 प्रतिशत रियायत, बेटियों की उच्च शिक्षा के लिए 100 प्रतिशत फीस माफी, किसान सम्मान योजना के तहत सालाना 6 हजार रुपये, फसल बीमा योजना, प्राकृतिक आपदा में बढ़ी हुई मुआवजा राशि जैसे कई फैसले सरकार ने जनता के हित में लिए हैं।

एक भावुक घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि फीस न भर पाने के कारण एक छात्रा द्वारा आत्महत्या की घटना के बाद सरकार ने कैबिनेट में निर्णय लेकर 50 प्रतिशत की जगह 100 प्रतिशत फीस माफी लागू की। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर शिक्षा के लिए किसी बेटी को जान देनी पड़े, तो ऐसी सरकार का क्या मतलब।

किसानों पर बोलते हुए शिंदे ने कहा कि किसान इस राज्य का असली मालिक है और तिजोरी पर पहला हक उसी का है। उन्होंने मराठवाड़ा को सूखामुक्त बनाने का संकल्प दोहराया और सिंचाई परियोजनाओं के लिए धन उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। जवळगांव मध्यम प्रकल्प, बार्शी उपसा सिंचाई योजना और अपर तहसील कार्यालय जैसी मांगों को तुरंत पूरा करने का आश्वासन भी दिया।

युवाओं के रोजगार को लेकर उन्होंने कहा कि युवाओं को नौकरी के लिए मुंबई, पुणे या ठाणे नहीं जाना पड़े, इसके लिए स्थानीय स्तर पर उद्योग और एमआईडीसी स्थापित की जाएगी।

वैराग नगर पंचायत के लिए उन्होंने बड़े विकास पैकेज की घोषणा की सड़कों और नालियों के लिए 20 करोड़, वैकुंठ स्मशानभूमि के लिए 5 करोड़, सीसीटीवी के लिए 2 करोड़ और नई नगर पंचायत इमारत के लिए 7 करोड़ रुपये, यानी कुल लगभग 34 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का वादा किया।

इसके साथ ही छत्रपति शिवाजी महाराज की अश्वारूढ़ प्रतिमा के सौंदर्यीकरण के लिए तत्काल 5 करोड़ रुपये देने की भी घोषणा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पैसा जनता का है और जनता के ही काम आएगा।

मुख्यमंत्री सहायता निधि का जिक्र करते हुए शिंदे ने बताया कि साढ़े चार सौ करोड़ रुपये की मदद से 70 से 80 हजार लोगों की जान बचाई गई है।

“हम मालिक नहीं, सेवक हैं। असली मालिक जनता है,” यह कहते हुए उन्होंने लोकतंत्र में जनता के सर्वोच्च स्थान को रेखांकित किया।

सभा के अंत में उन्होंने फिर एक बार विधायक दिलीप सोपल की तारीफ करते हुए जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में उनके समर्थित उम्मीदवारों को जिताने की अपील की। बड़ी संख्या में शिवसेना के पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस सभा में मौजूद रहे।

You may also like

Leave a Comment