संत कबीरनगर: रविवार का दिन जिलेवासियों के लिए ऐतिहासिक बन गया। यहाँ अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस श्री आर्थो मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल का विधिवत उद्घाटन हुआ। प्रातः 11 बजे वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच अस्पताल का फीता काटकर उद्घाटन किया डुमरियागंज लोकसभा क्षेत्र की सांसद जगदंबिका पाल ने। इस मौके पर पूर्व जिलाधिकारी रवीश कुमार गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव, और समाजसेवी एवं शिक्षाविद डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी सहित जिले की कई जानी-मानी हस्तियों ने भाग लिया।
अस्पताल संचालक डॉ. अमित सिंह ने बताया कि यह मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम के साथ मरीजों को उच्च गुणवत्ता की सेवाएं प्रदान करेगा। अस्पताल में प्रमुख सुविधाओं में नी और हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी, स्पाइन सर्जरी, स्त्री रोग विशेषज्ञ सेवाएं, 24×7 इमरजेंसी, वेंटिलेटर सुविधा, और ट्रॉमा केयर यूनिट शामिल हैं।

डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और डॉ. अमित सिंह को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अब जिले के मरीजों को बेहतर इलाज के लिए बाहर के महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव ने कहा कि यह अस्पताल संतकबीरनगर में स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नई क्रांति साबित होगा। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के मरीज अब गंभीर आर्थोपेडिक और जटिल बीमारियों के इलाज के लिए दूर नहीं जाएंगे।
सूर्या ग्रुप के डायरेक्टर डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने अस्पताल की सुविधाओं की सराहना करते हुए इसके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर प्रगति की कामना की। इस उद्घाटन के साथ ही संतकबीरनगर जिलेवासियों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की एक बड़ी सौगात मिल गई है।