भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज़ विराट कोहली और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा एक बार फिर आध्यात्मिक यात्रा पर निकलते हुए वृंदावन पहुंचे। मंगलवार सुबह दोनों ने प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन किए और उनके सत्संग में शामिल हुए।
जानकारी के मुताबिक, यह स्टार कपल सुबह करीब 5:30 बजे वृंदावन स्थित केली कुंज आश्रम पहुंचा। यहां करीब एक घंटे तक उन्होंने महाराज जी से एकांत में वार्ता की और फिर आम श्रद्धालुओं की तरह जमीन पर बैठकर प्रवचन सुना। इस दौरान उनका सादगी भरा अंदाज़ देखने को मिला, जिसकी सोशल मीडिया पर भी चर्चा हो रही है।

दर्शन के बाद जब दोनों आश्रम से बाहर निकले तो उन्हें देखने के लिए प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी। उनकी गाड़ी कुछ देर तक जाम में भी फंसी रही। इससे पहले भी विराट कोहली और अनुष्का शर्मा कई बार प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए वृंदावन आ चुके हैं।
क्रिकेट की बात करें तो विराट कोहली हाल ही में भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेली गई सीरीज़ में शानदार प्रदर्शन करते नजर आए थे। तीन मैचों में उन्होंने 240 रन बनाए, उनका औसत 80 रहा और स्ट्राइक रेट 105.26 दर्ज किया गया। अब वह आगामी आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से मैदान में उतरते दिखाई देंगे, जहां टीम अपने खिताब का बचाव करने के इरादे से उतरेगी।
आध्यात्म और पेशेवर जीवन के बीच संतुलन साधते विराट और अनुष्का का यह सादगी भरा रूप एक बार फिर उनके प्रशंसकों का दिल जीत रहा है।