नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव के चेक बाउंस मामले में फिलहाल राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। दिल्ली हाईकोर्ट ने उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई 16 फरवरी तक टाल दी है। अभिनेता इस समय तिहाड़ जेल में छह महीने की सजा काट रहे हैं।
सुनवाई के बाद उनके वकील भास्कर उपाध्याय ने कोर्ट के बाहर बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि फिल्म के लिए लिए गए 5 करोड़ रुपये के कर्ज में से राजपाल यादव अब तक 2.5 करोड़ रुपये चुका चुके हैं। वकील के मुताबिक करीब 1 करोड़ रुपये पहले ही कोर्ट की रजिस्ट्री में जमा कराए जा चुके हैं, जबकि बुधवार को वे 25 लाख रुपये का चेक लेकर कोर्ट पहुंचे थे।
भास्कर उपाध्याय ने कहा कि यह मूल रूप से एक आर्थिक विवाद है और सिर्फ आश्वासन के आधार पर किसी को जेल में नहीं भेजा जाना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि राजपाल यादव बाकी रकम चुकाने के लिए तैयार हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें थोड़ा समय चाहिए।
वकील के अनुसार, 5 करोड़ रुपये की मूल राशि बढ़कर करीब 11 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। उनका कहना है कि यदि पूरा भुगतान हो जाता है तो मामला समझौते के रूप में सुलझ सकता है और मेरिट पर सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

गौरतलब है कि यह मामला साल 2010 का है, जब राजपाल यादव ने अपनी डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के लिए दिल्ली की कंपनी मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर असफल रहने के बाद भुगतान को लेकर विवाद खड़ा हो गया, जो अब चेक बाउंस केस में बदल चुका है।

राजपाल यादव ने 5 फरवरी को तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था, जब हाईकोर्ट ने उन्हें और समय देने से इनकार कर दिया।
इस बीच, फिल्म इंडस्ट्री से भी उन्हें समर्थन मिल रहा है। सलमान खान, अजय देवगन और मीका सिंह सहित कई सेलेब्रिटीज ने आर्थिक मदद की इच्छा जताई है। मीका सिंह ने अन्य कलाकारों से भी अपील की है कि वे राजपाल की सहायता के लिए आगे आएं।
अब सबकी नजर 16 फरवरी को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी है, जहां कोर्ट का फैसला यह तय करेगा कि राजपाल यादव को अंतरिम राहत मिलती है या नहीं।