Home राज्यमहाराष्ट्र“राजनीति छोड़ वेबसीरीज़ की पटकथा लिखें संजय राऊत” भाजपा मीडिया प्रमुख नवनाथ बन का तीखा हमला

“राजनीति छोड़ वेबसीरीज़ की पटकथा लिखें संजय राऊत” भाजपा मीडिया प्रमुख नवनाथ बन का तीखा हमला

by ashishppandya90@gmail.com
0 comments

मुंबई से बड़ी राजनीतिक बयानबाज़ी सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी के मीडिया विभाग प्रमुख नवनाथ बन ने शिवसेना (उद्धव गुट) नेता और सांसद संजय राऊत पर तीखा हमला बोला है। नवनाथ बन ने कहा कि अजित पवार को लेकर संजय राऊत द्वारा दिए जा रहे बयान पूरी तरह बेबुनियाद, काल्पनिक और झूठे नैरेटिव पर आधारित हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राऊत को राजनीति छोड़कर मनोरंजक वेबसीरीज़ की पटकथा लिखनी चाहिए, क्योंकि वे रहस्यमय और चटपटी कहानियां गढ़ने में माहिर हो गए हैं।


नवनाथ बन ने कहा कि संजय राऊत का यह दावा कि अजित पवार अपने पुराने राजनीतिक घर लौटना चाहते थे, पूरी तरह निराधार है। यदि राऊत के पास इस संबंध में कोई ठोस सबूत हैं, तो उन्हें सार्वजनिक रूप से पेश करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद पद पर रहते हुए भी राऊत लगातार झूठे आरोप लगाते हैं और बिना प्रमाण के बयान देकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।
भाजपा नेता ने आगे कहा कि अजित पवार कभी भी “स्वगृही वापसी” के इच्छुक नहीं थे। हां, यह जरूर देखा जा सकता है कि वे अन्य राजनीतिक घटकों को एनडीए में लाने के लिए प्रयासरत थे या नहीं। लेकिन इसे लेकर अफवाहें फैलाना और मनगढ़ंत कहानियां गढ़ना दुर्भाग्यपूर्ण है।

ऑपरेशन लोटस को लेकर तंज
नवनाथ बन ने संजय राऊत पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें जली, स्थली, काष्ठी और पाषाणी—हर जगह “ऑपरेशन लोटस” ही नजर आता है। यहां तक कि अजित पवार के विमान हादसे को भी ऑपरेशन लोटस से जोड़ने की कोशिश की गई, जो निंदनीय और हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि बिना सबूत के ऐसे गंभीर आरोप लगाना गैर-जिम्मेदाराना है।
विमान हादसे पर स्पष्ट रुख
भाजपा मीडिया प्रमुख ने कहा कि अजित पवार से जुड़ा विमान हादसा अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण था। केंद्र और राज्य सरकार इस हादसे की जांच कर रही हैं और सच्चाई जांच के बाद सामने आएगी। उन्होंने याद दिलाया कि शरद पवार ने भी स्पष्ट कहा है कि यह एक दुर्घटना थी, इसमें किसी प्रकार की साजिश नहीं थी। नवनाथ बन ने सवाल उठाया कि क्या संजय राऊत खुद को शरद पवार से भी अधिक समझदार मानते हैं?
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भविष्य में अगर अदालत का फैसला भी आ गया, तो राऊत कहेंगे कि अदालत बिक गई है। इससे साफ होता है कि उन्हें भारतीय न्याय व्यवस्था पर भरोसा नहीं है। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में यह भी कहा कि ऐसे में राऊत को पाकिस्तान की अदालतों का रुख करना चाहिए। परस्पर विरोधी बयानबाज़ी का आरोप

नवनाथ बन ने आरोप लगाया कि संजय राऊत एक ही प्रेस कॉन्फ्रेंस में परस्पर विरोधी बयान देते हैं। कभी कहते हैं कि भाजपा के भ्रष्टाचार की फाइलें अजित पवार के पास थीं, और उसी प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में दावा करते हैं कि भाजपा पार्थ पवार को बचा रही है। उन्होंने कहा कि कम से कम एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में तो राऊत को एक ही स्टैंड रखना चाहिए।


अंत में नवनाथ बन ने कहा कि संजय राऊत जानबूझकर झूठा नैरेटिव गढ़ रहे हैं और लगातार अजित पवार का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अचानक दिखाया जा रहा यह प्रेम दरअसल राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित है। भाजपा नेता ने इसे “मृतक के सिर पर मक्खन लगाने जैसा नीच कृत्य” बताते हुए राऊत पर जोरदार हमला बोला।

You may also like

Leave a Comment