बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की ओर से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक रणवीर सिंह को दो बार धमकी दी गई, जिसमें एक वॉइस नोट अमेरिकी नंबर से भेजा गया था।मुंबई क्राइम ब्रांच की शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि यह वॉइस नोट रणवीर सिंह के मैनेजर के व्हाट्सएप नंबर पर भेजा गया। जांच एजेंसियों को शक है कि इस वॉइस नोट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सक्रिय सदस्य हैरी बॉक्सर की आवाज है।

हालांकि पुलिस अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाने में लगी है और आधिकारिक पुष्टि के लिए फॉरेंसिक जांच भी कराई जा रही है।सूत्रों के अनुसार यह धमकी उस घटना के बाद भेजी गई, जब फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की वारदात हुई थी। बताया जा रहा है कि 10 फरवरी को पहली बार रणवीर सिंह को धमकी दी गई और 13 फरवरी को दोबारा वॉइस नोट के जरिए चेतावनी भेजी गई।धमकी भरे संदेश में रणवीर सिंह और रोहित शेट्टी के साथ-साथ उनके मैनेजरों और परिवार की गतिविधियों की जानकारी होने का दावा किया गया है। इस घटनाक्रम के बाद दोनों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

फिलहाल इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। पुलिस प्रिलिमिनरी इंक्वायरी कर रही है और अमेरिकी नंबर से भेजे गए वॉइस नोट की डिटेल हासिल करने के लिए संबंधित विदेशी एजेंसियों से संपर्क साधा गया है।इस पूरे मामले पर रणवीर सिंह या उनके परिवार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं क्राइम ब्रांच का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।