घरेलू क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। जम्मू-कश्मीर ने पहली बार प्रतिष्ठित रणजी ट्रॉफी के फाइनल में जगह बनाकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। सेमीफाइनल मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने मजबूत और अनुभवी खिलाड़ियों से सजी बंगाल क्रिकेट टीम को 6 विकेट से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया।
बंगाल की टीम में अभिमन्यु ईश्वरन, मोहम्मद शमी, आकाश दीप और मुकेश कुमार जैसे अंतरराष्ट्रीय अनुभव वाले खिलाड़ी शामिल थे, लेकिन जम्मू-कश्मीर के जोश और अनुशासित प्रदर्शन के आगे उनकी एक नहीं चली।
इस ऐतिहासिक जीत के नायक बने बारामूला के तेज गेंदबाज आकिब नबी। उन्होंने सेमीफाइनल की दोनों पारियों में कुल 9 विकेट झटककर बंगाल की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। इससे पहले क्वार्टरफाइनल में मध्यप्रदेश के खिलाफ भी उन्होंने दोनों पारियों में 12 विकेट लेकर टीम को जीत दिलाई थी। लगातार दो नॉकआउट मुकाबलों में उनके घातक स्पेल ने जम्मू-कश्मीर को फाइनल तक पहुंचाने में निर्णायक भूमिका निभाई।

अब फाइनल में जम्मू-कश्मीर का मुकाबला दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। यह मुकाबला उत्तराखंड क्रिकेट टीम और कर्नाटक क्रिकेट टीम के बीच खेला जा रहा है। चौथे दिन तक कर्नाटक ने 566 रनों की विशाल बढ़त बना ली है और वह फाइनल की ओर मजबूती से कदम बढ़ाता दिख रहा है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि रणजी फाइनल में जम्मू-कश्मीर का सामना कर्नाटक से हो सकता है।

अगर ऐसा होता है तो यह मुकाबला अनुभव बनाम जज्बे की जंग साबित होगा। एक ओर कई खिताब जीत चुकी मजबूत कर्नाटक टीम होगी, तो दूसरी ओर पहली बार फाइनल में पहुंची जोश से भरी जम्मू-कश्मीर की टीम जो इस सीजन में हर चुनौती को पार करती हुई यहां तक पहुंची है।