‘घूसखोर पंडत’ को लेकर उठे विवाद के बाद अब फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ चर्चा और विवादों के केंद्र में आ गई है। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में इस फिल्म के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, जबकि मैनपुरी और फिरोजाबाद समेत कई जिलों में विरोध प्रदर्शन हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, फिल्म के निर्माता संदीप तौमर, निर्देशक अंकित भडाना, अभिनेत्री प्रगति तिवारी और अभिनेता बिनाल मोहन सहित चार लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 253(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फिल्म की कहानी और शीर्षक विशेष समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं।

विरोध कर रहे यादव समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि फिल्म में एक यादव युवक और मुस्लिम युवती के बीच प्रेम संबंधों को जिस तरह दिखाया गया है, उससे समाज की छवि धूमिल होती है और सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। प्रदर्शनकारियों ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।
मैनपुरी में यादव महासभा के सदस्यों ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और डीएम को ज्ञापन दिया। वहीं फिरोजाबाद में भी मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड पर है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में फिलहाल तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या फिल्म की रिलीज पर रोक लगाई जाएगी या नहीं।