मुंबई को ग्लोबल फिनटेक सेंटर बनाने की दिशा में बड़ा ऐलान किया गया है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि बाला साहेब ठाकरे की जन्मशताब्दी के अवसर पर उनकी सोच और सपनों को साकार करते हुए मुंबई को विश्वस्तरीय फिनटेक हब बनाया जाएगा।
मुंबई महानगरपालिका में महायुती की ओर से मेयर रितू तावडे और डिप्टी मेयर संजय घाड़ी ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर बोलते हुए शिंदे ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में मुंबई का विकास ठप था, लेकिन महायुती सरकार बनने के बाद पिछले साढ़े तीन साल में विकास कार्यों को तेज गति मिली है।

उन्होंने कहा कि मुंबईकरों ने महायुती के वादों और आश्वासनों पर भरोसा जताते हुए विकास के पक्ष में जनादेश दिया है। रितू तावडे और संजय घाड़ी को अनुभवी बताते हुए शिंदे ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में मुंबई में नई विकास गाथा लिखी जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि मुंबई को अंतरराष्ट्रीय स्तर का फिनटेक हब बनाया जाए और इस दिशा में जो भी आवश्यक होगा, राज्य सरकार वह हर संभव सहयोग देगी।

इसके साथ ही उन्होंने झोपड़पट्टी मुक्त मुंबई का संकल्प दोहराया। एसआरए और क्लस्टर विकास योजनाओं के जरिए 40 लाख मुंबईकरों को पक्के घर देने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने खड्डेमुक्त, प्रदूषणमुक्त, भ्रष्टाचारमुक्त और ड्रग्समुक्त मुंबई बनाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
शिंदे ने भरोसा दिलाया कि मुंबईकरों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।
मुंबई को आर्थिक राजधानी से आगे बढ़ाकर वैश्विक फिनटेक मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में यह ऐलान महत्वपूर्ण माना जा रहा है।