Home देशमुंबईकरों के भरोसे को साबित करेंगे, महानगर पालिका में जनता की आवाज बनेंगे- सांसद वर्षा गायकवाड

मुंबईकरों के भरोसे को साबित करेंगे, महानगर पालिका में जनता की आवाज बनेंगे- सांसद वर्षा गायकवाड

by ashishppandya90@gmail.com
0 comments

मुंबई महानगरपालिका चुनाव में कांग्रेस को मिली सफलता के बाद मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद वर्षा गायकवाड ने स्पष्ट किया है कि मुंबईकरों ने जिस भरोसे के साथ कांग्रेस के 24 नगरसेवकों को चुना है, उसे पूरी मजबूती से निभाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नगरसेवक मुंबईकरों की बुनियादी समस्याओं को लेकर महापालिका में मजबूती से आवाज उठाएंगे और जनता के मुद्दों को हल करने का हरसंभव प्रयास करेंगे।

मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में कांग्रेस के नवनिर्वाचित 24 नगरसेवकों का सांसद वर्षा गायकवाड के हाथों सम्मान किया गया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री व विधायक असलम शेख, विधायक अमीन पटेल, मुंबई कांग्रेस के प्रवक्ता सुरेशचंद्र राजहंस सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

मीडिया से बातचीत करते हुए वर्षा गायकवाड ने कहा कि महानगरपालिका चुनाव के दौरान एक तरफ धनबल, दबाव और सत्ता की पूरी मशीनरी थी, जबकि दूसरी तरफ जनता की ताकत थी। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में बड़े पैमाने पर पैसे बांटे गए और विरोधी दलों को धमकाया गया, इसके बावजूद जनता ने कांग्रेस पर भरोसा जताते हुए 24 नगरसेवक चुनकर भेजे। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साहस और दृढ़ संकल्प के साथ चुनाव लड़ा है।

वर्षा गायकवाड ने कहा कि संख्या भले ही कम हो, लेकिन कांग्रेस के नगरसेवक मुंबईकरों के सवालों पर महापालिका में मजबूती से आवाज उठाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुंबई को बेहतर सड़कें, स्वच्छ पेयजल, ट्रैफिक जाम से राहत, बेस्ट बसों की बेहतर सुविधा और प्रदूषण मुक्त शहर बनाने के लिए कांग्रेस लगातार संघर्ष करेगी। इसके साथ ही महापालिका से जुड़ी विभिन्न संस्थाओं में चल रहे निजीकरण पर पैनी नजर रखी जाएगी और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने का काम भी किया जाएगा।

एक सवाल के जवाब में वर्षा गायकवाड ने कहा कि जहां भाजपा में तानाशाही है, वहीं कांग्रेस में लोकतंत्र है। कांग्रेस में हर कार्यकर्ता को अपनी बात रखने का अधिकार है और यदि कोई आलोचना होती है तो पार्टी नेतृत्व उस पर निर्णय लेता है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है और कार्यकर्ताओं का उन पर पूरा विश्वास है। आने वाले समय में मुंबई में कांग्रेस संगठन को और मजबूत किया जाएगा।

इस दौरान उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को अपने नगरसेवकों पर पूरा भरोसा है, इसलिए उन्हें किसी होटल में रखने की जरूरत नहीं पड़ती।

You may also like

Leave a Comment