Home राज्यमहाराष्ट्रमहाराष्ट्र ZP- पंचायत समिति चुनाव परिणाम आज: सुबह 10 बजे से मतगणना, पवार परिवार की साख दांव पर

महाराष्ट्र ZP- पंचायत समिति चुनाव परिणाम आज: सुबह 10 बजे से मतगणना, पवार परिवार की साख दांव पर

by ashishppandya90@gmail.com
0 comments

महाराष्ट्र में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के नतीजों का आज फैसला होगा। सोमवार सुबह 10 बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू की जाएगी। 7 फरवरी को हुए मतदान में पूरे राज्य में औसतन 67 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई थी, जिससे ग्रामीण राजनीति में जनता की गहरी दिलचस्पी साफ नजर आई।
इस चरण में राज्य की 12 जिला परिषदों की कुल 731 सीटों और 125 पंचायत समितियों की 1,462 सीटों के लिए वोट डाले गए थे। जिला परिषद चुनाव में 2,624 उम्मीदवार जबकि पंचायत समिति चुनाव में 4,814 उम्मीदवार मैदान में हैं। आज मतगणना के साथ ही यह तय हो जाएगा कि ग्रामीण सत्ता पर किस दल का दबदबा कायम रहेगा।

चुनाव नतीजों को लेकर सभी राजनीतिक दलों में जबरदस्त उत्साह और बेचैनी है। कई जिलों में मुकाबला बेहद कांटे का माना जा रहा है, वहीं कुछ दिग्गज नेताओं के पैतृक गांवों में बड़े उलटफेर की संभावना जताई जा रही है। इन नतीजों का असर आने वाले समय में राज्य की राजनीति और गठबंधन समीकरणों पर भी पड़ सकता है।
गौरतलब है कि यह चुनाव पहले 5 फरवरी को प्रस्तावित थे, लेकिन डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन के बाद राज्य में तीन दिन के शोक की घोषणा की गई थी। इसी वजह से मतदान की तारीख आगे बढ़ाकर 7 फरवरी कर दी गई थी।

इस चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा पुणे जिला परिषद की हो रही है। पुणे को लंबे समय से पवार परिवार और एनसीपी का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। ऐसे में आज के नतीजे यह तय करेंगे कि पवार परिवार की ग्रामीण राजनीति में पकड़ बरकरार रहती है या फिर जनता किसी नए विकल्प को मौका देती है। पूरे महाराष्ट्र की निगाहें आज इन्हीं नतीजों पर टिकी हुई हैं।

You may also like

Leave a Comment