मुंबई:महाराष्ट्र में 12 जिला परिषदों और उनके अंतर्गत 125 पंचायत समितियों के सार्वत्रिक चुनाव के लिए राज्य निर्वाचन तंत्र पूरी तरह तैयार है। इन चुनावों के लिए कल यानी 7 फरवरी को सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक मतदान कराया जाएगा। जिला परिषद की 731 सीटों और पंचायत समिति की 1,462 सीटों के लिए यह चुनाव हो रहा है, जिसमें कुल 7,438 उम्मीदवार मैदान में हैं। पूरे राज्य में कुल 2 करोड़ 8 लाख 20 हजार 702 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग ने रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर, छत्रपति संभाजीनगर, परभणी, धाराशिव और लातूर इन 12 जिलों में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा 13 जनवरी 2026 को की थी। पहले मतदान 5 फरवरी को होना था, लेकिन उपमुख्यमंत्री अजित पवार के आकस्मिक निधन के बाद राज्य में घोषित तीन दिवसीय शोक के कारण मतदान की तारीख में बदलाव किया गया। अब मतदान 7 फरवरी को होगा, जबकि मतगणना 9 फरवरी को सुबह 10 बजे से शुरू की जाएगी। इसके बाद आदर्श आचार संहिता समाप्त हो जाएगी।

सीटों और आरक्षण का विवरण
12 जिला परिषदों की कुल 731 सीटों में से 369 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। अनुसूचित जाति के लिए 83, अनुसूचित जनजाति के लिए 25 और नागरिकों के पिछड़ा वर्ग के लिए 191 सीटें आरक्षित की गई हैं। इन सीटों के लिए कुल 2,624 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
वहीं, 125 पंचायत समितियों की कुल 1,462 सीटों में से 731 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। अनुसूचित जाति के लिए 166, अनुसूचित जनजाति के लिए 38 और पिछड़ा वर्ग के लिए 342 सीटें आरक्षित हैं। पंचायत समितियों के लिए कुल 4,814 उम्मीदवार मैदान में हैं।
मतदाता, मतदान केंद्र और सुरक्षा व्यवस्था
इन चुनावों में 1 करोड़ 6 लाख 33 हजार 269 पुरुष, 1 करोड़ 1 लाख 86 हजार 965 महिला और 468 अन्य मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए राज्य भर में 25,471 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पूरी प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए लगभग 1 लाख 28 हजार कर्मियों की तैनाती की गई है, जिनमें 125 निर्वाचन निर्णय अधिकारी और 125 सहायक निर्वाचन निर्णय अधिकारी शामिल हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बंदोबस्त भी किया गया है।
ईवीएम और मतदान प्रक्रिया

मतदान केंद्रों की संख्या को देखते हुए पर्याप्त इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की व्यवस्था की गई है। इसके तहत 51,537 कंट्रोल यूनिट और 1,10,329 बैलेट यूनिट उपलब्ध कराई गई हैं। सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को समय-समय पर प्रशिक्षण भी दिया गया है।
जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनाव एक साथ होने के कारण प्रत्येक मतदाता को दो वोट डालने होंगे एक जिला परिषद के लिए और दूसरा पंचायत समिति के लिए। जिला परिषद के लिए बैलेट यूनिट पर सफेद रंग की मतपत्रिका, जबकि पंचायत समिति के लिए गुलाबी रंग की मतपत्रिका होगी।
मतदाता सुविधा और डिजिटल व्यवस्था
मतदाताओं के नाम और मतदान केंद्र की जानकारी के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने ‘मताधिकार’ मोबाइल ऐप उपलब्ध कराया है, जिसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। इसके अलावा https://mahasecvoterlist.in/ वेबसाइट पर भी मतदाता सूची में नाम खोजने की सुविधा दी गई है।

ज्येष्ठ नागरिक और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष इंतजाम
मतदान केंद्रों पर वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों, गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों के साथ आने वाली महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। रैंप, व्हीलचेयर, बिजली, पीने का पानी, छाया और शौचालय जैसी न्यूनतम सुविधाएं सभी मतदान केंद्रों पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य निर्वाचन आयुक्त दिनेश वाघमारे ने मतदाताओं से अपील की है कि ये चुनाव गांव और स्थानीय विकास की दिशा तय करने वाले हैं। इसलिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत करने में अपना योगदान दें और अपने बहुमूल्य मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें।