Home क्राइमभिवंडी में 23.45 लाख की मोबाइल दुकान चोरी का खुलासा, 40 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

भिवंडी में 23.45 लाख की मोबाइल दुकान चोरी का खुलासा, 40 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

by ashishppandya90@gmail.com
0 comments

भिवंडी परिमंडल-2 के शांतीनगर पुलिस स्टेशन ने गोपालनगर स्थित एक मोबाइल दुकान में हुई 23 लाख 45 हजार 992 रुपये की चोरी का महज 40 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गए माल का बड़ा हिस्सा बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार, 6 फरवरी 2026 की रात 11:45 बजे से 7 फरवरी की सुबह 10:00 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने गोपालनगर, कल्याण नाका स्थित “सिटी ज़ोन मोबाइल एंड एक्सेसरीज़” नामक दुकान में सेंधमारी की। दुकान पहली मंजिल पर स्थित थी। आरोपियों ने अधूरी बनी सीमेंट की दीवार के पास की कांच तोड़कर अंदर प्रवेश किया और मोबाइल फोन, लैपटॉप तथा घड़ियां सहित कुल 23,45,992 रुपये का माल चोरी कर लिया।

इस मामले में शांतीनगर पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 104/2026 भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 305(अ), 331(3), 331(4) के तहत 8 फरवरी 2026 को मामला दर्ज किया गया।

क्षेत्र में बढ़ती घरफोड़ियों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त शशिकांत बोराटे (परिमंडल-2, भिवंडी) ने सभी थाना प्रभारियों को सतर्क गश्त और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। सहायक पुलिस आयुक्त सचिन सांगळे (पूर्व विभाग, भिवंडी) तथा वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनायक गायकवाड (शांतीनगर पुलिस थाना) के मार्गदर्शन में एक विशेष जांच टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की और तकनीकी विश्लेषण व मुखबिर की सूचना के आधार पर दो आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहीद मोहम्मद उर्फ दंबग जफरूद्दीन अंसारी (20 वर्ष) और उजेर अहमद इस्लाहुर रहमान खान (23 वर्ष), दोनों निवासी न्यू आजादनगर, शांतीनगर, भिवंडी के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 108 मोबाइल फोन और एचपी कंपनी का एक लैपटॉप बरामद किया है, जिनकी कुल कीमत 16,77,407 रुपये बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, शेष 6,68,585 रुपये मूल्य के 14 मोबाइल फोन, चार्जर, एडॉप्टर, घड़ियां, केबल और खाली डिब्बों को आरोपियों ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से जला दिया था। हालांकि पुलिस ने जले हुए अवशेष भी जब्त कर लिए हैं।

इस कार्रवाई के साथ शांतीनगर थाना क्षेत्र में दर्ज घरफोड़़ी का एक महत्वपूर्ण मामला सुलझा लिया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों का संबंध किसी बड़े गिरोह से तो नहीं है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

You may also like

Leave a Comment