Home क्राइमबाराबंकी में दिनदहाड़े मर्डर: मुख्तार अंसारी के करीबी शोएब उर्फ बॉबी को 10 गोलियां मारकर हत्या

बाराबंकी में दिनदहाड़े मर्डर: मुख्तार अंसारी के करीबी शोएब उर्फ बॉबी को 10 गोलियां मारकर हत्या

by ashishppandya90@gmail.com
0 comments

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। पूर्व बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के करीबी माने जाने वाले शोएब उर्फ बॉबी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने उस पर करीब 10 राउंड फायरिंग की, जिससे मौके पर ही उसकी हालत गंभीर हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक यह वारदात लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर असैनी मोड़ के पास हुई। बताया जा रहा है कि बाइक सवार हमलावरों ने बेहद करीब से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार शोएब किदवई उर्फ बॉबी थाना कोतवाली क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर था और उस पर पांच से छह आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। वह लखनऊ के चर्चित जेलर हत्याकांड में भी आरोपी रहा है। हाल के दिनों में वह बाराबंकी में वकालत कर रहा था, लेकिन उसके आपराधिक इतिहास को लेकर पुलिस की निगरानी में था।


एसपी बाराबंकी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर ब्लू कलर की बलेनो कार में शोएब ड्राइविंग सीट पर मृत अवस्था में मिला, जिसके शरीर पर कई गोलियों के निशान थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
गौरतलब है कि मुख्तार अंसारी पर हत्या, अपहरण और रंगदारी समेत कई गंभीर मामले दर्ज थे। वर्ष 2005 में कृष्णानंद राय हत्याकांड में जेल भेजे जाने के बाद वह बाहर नहीं आ सके थे। 28 मार्च 2024 को बांदा जेल में उनकी मौत हो गई थी, जिसकी वजह हार्ट अटैक बताई गई थी।

फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में दबिश दे रही है। शुरुआती जांच में आपसी रंजिश या गैंगवार की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। बाराबंकी में दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

You may also like

Leave a Comment